Auraiya Accident: तेज रफ्तार कार ने वृद्ध को मारी टक्कर, उपचार के दौरान मौत, बेटी के लिए रिश्ता देखने जा रहे थे
औरैया में कार ने वृद्ध को टक्कर मारी।
औरैया में कार ने वृद्ध को टक्कर मार दी। उपचार के दौरान मौत हो गई। वृद्ध पुत्री के लिए रिश्ता देखने रिश्तेदार के साथ जा रहा था।
औरैया, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर साईं मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार कार ने बुजुर्गों को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस के जरिए उसे औरैया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी तथा शव का पंचनामा भर पीएम के लिए भेज दिया है।
जनपद कानपुर देहात थाना मंगलपुर के गांव परहौली निवासी वीरेंद्र सिंह सेंगर पुत्र नरेश सिंह अपने पुत्र आशुतोष सिंह तथा रिश्तेदार सुरेंद्र पाल पुत्र रामबक्श के साथ मुरादगंज क्षेत्र के अंतर्गत पुत्री के विवाह के लिए लड़का देखने के लिए बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह लोक सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत साईं मंदिर के समीप स्थित वसंत पेट्रोल पंप पर पहुंचे कि तभी सुरेंद्र पाल ने अपनी बाइक में तेल डलवाने के लिए वसंत पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और वीरेंद्र तथा उनका पुत्र आशुतोष सड़क किनारे खड़ा हो गया।
उसी दौरान इटावा की ओर से सफेद रंग की एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े वीरेंद्र को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वीरेंद्र उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पुत्र द्वारा एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पहुंची एंबुलेंस ने उन्हें औरैया के 50 सैया अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने इसकी जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
