अयोध्या: राम जन्मभूमि परिसर में बनेंगे सप्त ऋषियों के मंदिर, प्रथम तल तैयार होते ही शुरू हो जाएगा निर्माण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या/अमृत विचार। रामजन्म भूमि परिसर में भगवान श्री रामलला के भव्य मंदिर के साथ सप्त ऋषियों के भी मंदिर स्थापित किए जाएंगे, जो मंदिर परिसर के अलग-अलग स्थानों पर होंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की मानें तो इन मंदिरों को लेकर ड्राइंग तैयार कर लिया है। मंदिर निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद इन मंदिरों का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।
    
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ अनिल मिश्रा ने बताया कि राम जन्मभूमि परिसर में भगवान के दिव्य मंदिर निर्माण कार्य प्रगति पर है। भूतल निर्माण के कार्य में तेजी लाई जा रही है। वहीं मंदिर के 800 मीटर की परिधि में परकोटा निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसका भी 30% कार्य पूरा हो गया है। इस परकोटे में देवी देवताओं के प्रमुख मंदिर भी होंगे।

इसके साथ ही राम जन्मभूमि के अन्य परिसरों में अलग-अलग स्थानों पर सप्त ऋषियों के भी मंदिर बनाए जाएंगे, जिसमें गुरु वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि बाल्मीकि, महर्षि अगस्त्य सहित अन्य ऋषि मुनियों के मंदिर होंगे। उन्होंने बताया कि परिसर में होने वाले सभी निर्माण कार्य को लेकर ड्राइंग तैयार कर ली गई है। इन मंदिरों को तैयार करने में बाधा ना आए इसलिए मंदिर का कार्य पूरा होने के बाद ही इन मंदिरों का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

राजस्थान में बनेगी सप्त ऋषियों की मूर्तियां
राम जन्मभूमि परिसर में सप्त ऋषियों के मंदिरों स्थापित होने वाली मूर्तियों को राजस्थान से मंगवाया जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक अलग-अलग मूर्तियों को तैयार करने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट मूर्तिकारों से संपर्क कर रहा है। अब मंदिर का कार्य पूरा होने के बाद इन मूर्तियों को लाया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-Sanjeev Jeeva Murder: संजीव जीवा हत्याकांड को लेकर सीएम योगी सख्त, जांच के लिए गठित की SIT

संबंधित समाचार