फर्रुखाबाद : केएम इंडिया के शोरूम और गोदाम पर जीएसटी की Raid
अमृत विचार, फर्रुखाबाद। चार जिलों की जीएसटी विभाग की टीम ने केएम इंडिया के शोरूम और गोदाम पद दोपहर में छापा मारा। अफसरों का काफिला देखकर कर्मचारियों में खलबली मच गई। छापा पड़ने की भनक लगने से अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जीएसटी चोरी का मामला है, जिसको लेकर जांच करने टीम आई है। देर शाम तक टीम के अधिकारी गोदाम में रखे सामान और अभिलेखों से मिलान करते रहे।
इटावा रीजन के एसआईबी प्रभारी ज्वाइंट कमिश्नर अशोक कुमार बनर्जी ने गुरुवार दोपहर में कन्नौज, औरैया और जिले की टीम के साथ शहर में ठंडी सड़क स्थित गौरव अरोडा के शोरूम केएम इंडिया पर छापा। आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां शोरूम के बाहर रूकने के बाद उसमें निकले अफसरों को देखकर शोरूम के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अफसरों ने गोदाम और शोरूम पर एक साथ छापा मार कर सभी के मोबाइल जमा करा लिए। शोरूम मालिक को फोन कर बुलाया गया। इसके बाद गोदाम और शोरूम में रखे कपड़ों की गांठ व बिक्री के रजिस्टर मंगा कर कब्जे में लेने के बाद जांच शुरू की गई।
.jpg)
जीएसटी के अफसरों के छापा मारे जाने की जानकारी अन्य व्यापारियों को मिलने से हड़कंप मच गया। शोरूम के बाहर देखने वालों की भीड़ लग गई। पुलिस ने खड़े लोगों को वहां हटाया। अधिकारियों ने कंप्यूटर पर दर्ज लेखा, जोखा देखा और गोदाम में रखे सामान की खरीद संबंधी कागजों से मिलान करना शुरु किया। दोनों जगह देर शाम तक जांच पड़ताल चलती रही। अशोक कुमार बनर्जी के साथ सहायक कमिश्नर चरण सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर हेमंत गौतम, जितेंद्र वर्मा, वाणिज्यकर अधिकारी संतोष सिंह समेत 16 अधिकारी टीम में शामिल है। ज्वाइंट कमिश्नर अशोक वनर्जी ने बताया कि अभी जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद जानकारी दी जाएगी। सूत्रों की माने तो जीएसटी चोरी का मामला बताया जा रहा है। इसी कारण टीम ने एक साथ छापा मार कर जांच शुरू की है।
ये भी पढ़ें -जालौन : संदिग्ध अवस्था में युवक की मौत, मां ने लगाया पति और उसके साथियों पर हत्या का आरोप
