Banda Accident : सड़क हादसों में युवती समेत तीन लोगों ने गंवाई जान, परिजनों में मची चीख-पुकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में सड़क हादसे में तीन की मौत।

बांदा में सड़क हादसों में युवती समेत तीन लोगों ने जान गंवा दी। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू की।

बांदा, अमृत विचार। अलग–अलग घटनाओं में बाइक से गिरी युवती ने दम तोड़ दिया, शौच के लिए जा रही महिला को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। कमासिन कस्बे के कल्लूपुर गांव में लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तीनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

मटौंध थाना क्षेत्र के परमपुरवा गांव निवासी इच्छा देवी (18) पुत्री जगरूप गुरुवार को दुल्हा बाबा भण्डारा खाने गई थी। शाम को वह पड़ोसी युवक के साथ बाइक में बैठकर घर आ रही थी, तभी मरौली के पास तेज रफ्तार बाइक से इच्छा नीचे गिर गई। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। युवक ने इच्छा को घर छोड़ा। जब तक परिजन कुछ समझ पाते तब तक इच्छा की मौत हो गई।

इसी तरह देहात कोतवाली क्षेत्र के लामा गांव निवासी फुलमतिया (62) पत्नी वासदेव गुरुवार की रात शौच के लिए खेतों की तरफ जा रही थी, तभी पैलानी की तरफ से आ रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे घरवालों ने फुलमतिया को उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहां उपचार के दौरान फुलमतिया ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। 

एक अन्य दुर्घटना में फतेहपुर जिले के चतुरपुर निवासी अमृतलाल (35) पुत्र रामदेव गुरुवार की रात अपनी पत्नी उमा (30) और पुत्र शनि (2) को बाइक में बैठाकर निमंत्रण में शामिल होने खेरे कमासिन जा रहा था। तभी कल्लूपुर के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनो लोग घायल हो गए। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन में भर्ती कराया गया। वहां डाक्टरों ने अमृतलाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी पत्नी उमा को नाजुक हालत में कानपुर रेफर कर दिया।

 

 

 

 

संबंधित समाचार