लखनऊ : झोपड़ी में सो रही महिला से छेड़खानी, प्राथमिकी दर्ज

लखनऊ : झोपड़ी में सो रही महिला से छेड़खानी, प्राथमिकी दर्ज

लखनऊ, अमृत विचार। विभूतिखंड थाने में एक महिला ने पड़ोसी के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपित ने सोते समय उससे अश्लील हरकत कर छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपित पीड़ित के पति को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकला।

विभूतिखंड प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मूलरूप से कुशीनगर जनपद की रहने वाली महिला (22) नगर रेलवे स्टेशन के समीप रहती है। महिला ने बताया कि तीन दिन पहले वह सपरिवार लखनऊ आई और रेलवे स्टेशन के समीप झुग्गी-झोपड़ी में रहने लगी। आरोप है कि शनिवार रात महिला झोपड़ी में सो रही थी। जबकि उसका पति और देवर बाहर चारपाई डाल कर सो रहा था। तभी बाराबंकी जनपद का रहने वाला संतोष उसकी झोपड़ी में घुस आया और सिरहाने बैठकर अश्लील हरकत कर छेड़खानी करने लगा।

जिससे महिला की नींद खुल गई और वह शोर मचाने लगी। इस पर आरोपित पीड़िता को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकला। इसके बाद पीड़िता पति और देवर को लेकर थाने पहुंची। जहां उसने आरोपित के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : बस्ती : अयोध्या महापौर गिरीश पति त्रिपाठी का हुआ भव्य स्वागत