शाहजहांपुर: महानगर में बनेगा फ्लाईओवर, जाम से मिलेगा छुटकारा- जितिन
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने दिए डीपीआर बनाने के निर्देश
शाहजहांपुर, अमृत विचार। लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने शाहजहांपुर महानगर में जाम की समस्या के समाधान के लिए फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण को मंजूरी दिलाने की पहल शुरू कर दी है। उन्होंने इसके लिए पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम के अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का आदेश दिया है।
पीडब्ल्यूडी मंत्री के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र ने शनिवार को बताया कि महानगर में आये दिन लगने वाली जाम से जनता को निजात दिलाने के लिए उपरिगामी पुल बनाने की दिशा में काम शुरू किया गया। कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने महानगर में एक उपरिगामी सेतु का निर्माण अपने विभाग से कराने के लिये उन्होंने लोक निर्माण विभाग और उत्तर प्रदेश सेतु निगम के अधिकारियों से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर उनके सामने प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं।
ताकि इस परियोजना पर शीघ्र अग्रिम कार्यवाही की जा सके। कैबिनेट मंत्री महानगर को प्रदेश के अन्य महानगरों की भांति उपरिगामी सेतु के निर्माण को लेकर गंभीर हैं। वह इस प्रकार का निर्माण कराकर जनता को बड़े महानगरों वाली आवागमन सुविधा प्रदान करना चाहते हैं। इस फ्लाईओवर के निर्माण से जनता को आवागमन में जहां सुविधा होगी, वहीं उसका कीमती समय एवं वाहनों में लगने वाले ईंधन की बचत होगी।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: जनप्रतिनिधियों ने उठाए जर्जर सड़कों और बिजली की दुर्दशा के मुद्दे
