आज भारत हर चुनौती को तैयार : होसबाले
सुलतानपुर, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि भारत को समृद्धशाली, शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में तैयार करना संघ का लक्ष्य है। आने वाले 25 वर्षों में विश्व के अंदर देश एक श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत करें, यह संघ का ध्येय है। वे शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय विवेकानंदनगर में संघ शिक्षा वर्ग के समापन समारोह को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे।
शनिवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के द्वितीय वर्ष सामान्य व विशेष 21 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के समापन समारोह में प्रशिक्षित स्वयं सेवकों ने स्वागत प्रणाम व प्रार्थना किया। इसके बाद शारीरिक क्रियाओं का प्रदर्शन किया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित स्वयंसेवकों को समाज व राष्ट्र के लिए विचार व प्रेरणा का भाव जागृत करने का आवाह्न किया। उन्होंने कहा कि संघ का कार्य राष्ट्र का कार्य है। इसमें लगातार हिंदू समाज का सहयोग प्राप्त हुआ है। उन्होंने संघ के दो प्रमुख कार्य व लक्ष्य पर जोर दिया। उन्होंने व्यक्ति निर्माण और हिंदू समाज के संगठन से समाज परिवर्तन के उद्देश्य को बताया। कहा कि देश की तरक्की के लिए व्यक्ति निर्माण का मार्ग ही सबसे उचित है। उन्होंने स्वयंसेवकों से कहा कि सत्य के मार्ग पर चले। धर्म का आचरण करें। इतिहास के पन्नों को पलटते हुए उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति को पूर्व में नष्ट करने को कुत्सित प्रयास किया गया, लेकिन हिंदू समाज ने आज भी उसे जीवित रखा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश की समस्याएं, चुनौतियां समाप्त हो गई हैं, ऐसा कतई नहीं है। आज भारत हर चुनौती को तैयार है। भारत ने हमेशा दुनियां की मदद की। कोविड में भारत ने दुनिया को वैक्सीन दिया। उन्होंने राष्ट्रप्रेम को लेकर यहुदियों के देश इजराइल का उदाहरण दिया।
सरकार्यवाह ने कहा कि भारत के अंदर समस्याओं का निदान करके सामर्थ्य समाज का निर्माण ही संघ का लक्ष्य है। वर्तमान में भारत को विश्व की मान्यता मिल रही है। सामरिक, आर्थिक और कूटनीतिक शक्ति के रूप में देश तेजी से उभर रहा हैं। हिंदू समाज की समस्याओं को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि देश के भीतर व बाहर कई समस्याएं हैं। जिनमें से धर्मांतरण एक बड़ी व प्रमुख समस्या है। हिंदू समाज व संघ इसे रोकने का पूरा प्रयास कर रहा है।
ये रहे मौजूद
मंच पर अध्यक्षता कर रहे सुदीप पाल महासचिव श्री गुरू सिंह सभा, विभाग संघ चालक सुलतानपुर डा. रमाशंकर मिश्र, रजनीश त्रिपाठी, गोरक्ष प्रांत के प्रांत संघचालक पृथ्वीराज सिंह, पूर्वी उप्र क्षेत्र के संघ चालक वीरेंद्र व प्रशिक्षण वर्ग विशेष के सर्वाधिकारी रमेशचंद्र त्रिपाठी रहे। इसके अलावा डीएम जसजीत कौर, एसपी सोमेन बर्मा, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, डा. एके सिंह, पूर्व सांसद डा. संजय सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, रवींद्र त्रिपाठी, अधिवक्ता गोरखनाथ शुक्ला, सेवा भारती के महासचिव डा. सुनील त्रिपाठी, रामेंद्र सिंह राणा, अनूप श्रीवास्तव, दिलीप सिंह, सुभाष आदि रहे।
यह भी पढ़ें : कानपुर : 13 माह बाद घर हुआ ‘रोशन’, 26 क्रू के सदस्यों को नाइजीरियन नेवी ने कच्चा तेल चोरी के आरोप में किया था गिरफ्तार
