कानपुर: कमरे का दरवाजा तोड़ वृद्धा के घर से 16 लाख की चोरी
कानपुर/अमृत विचार। बीते दो जून को गोपाल नगर निवासी वृद्धा के घर में घुस कर लुटेरों ने चेन लूटने का प्रयास किया था। भय के कारण वृद्धा अपनी बेटी के घर गई तो सूने मकान को चोरों ने अपना निशाना बना कर 15 लाख के जेवरात समेत एक लाख रूपये नगद पार कर दिए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन के लिए फारेंसिक टीम को मौके पर बुलाया।
गोपाल नगर निवासी वृद्धा राजरानी (74) के पति राम नारायण सचान रिटायर्ड सूबेदार थे। उनकी पांच बेटिंया संतोष, दीपा, अनुराधा, सपना व प्रिया है। चार बेटियों की शादी के बाद वृद्धा बेटी प्रिया के साथ रहती हैं। बीते दो जून को वृद्धा राजरानी घर के बरामदे में सब्जी काट रहीं थीं।
इसी दौरान दो बाइक सवार लुटेरे पता पूछने के बहाने घर में घुसे और उनकी चेन लूटने का प्रयास किया। वृद्धा ने साहस दिखाते हुए लुटेरों से सामना किया और एक लुटेरे की गर्दन पर चाकू से वार किया, जिसके बाद लुटेरे फरार हो गए थे। मौके पर पहुंची नौबस्ता पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया था। घटना के बाद भयभीत होकर वृद्धा बेटी प्रिया के साथ बड़ी बेटी दीपा सचान के घर चली गई थी।
शनिवार को नौबस्ता पुलिस ने लुटेरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था, जिसके बाद रविवार को वृद्धा घर आई तो कमरे के दरवाजे खुले पड़े थे। आंशका होने पर अंदर जाकर देखा तो उनके होश फाख्ता हो गए। कमरे में रखी अलमारी व बक्से खुले पड़े थे, जिसमें रखे करीब 15 लाख के सोने चांदी के जेवरात व एक लाख नगद चोरी हो चुके थे।
मुख्य द्वार फांद घुसे चोर साबड़ से तोड़ी चौखट
गोपाल नगर स्थित वृद्धा के दोखंड के मकान में चोर मुख्य द्वार फांद कर घर में घुसे। इसके बाद उन्होंने घर में रखे साबड़ से कमरे के गेट की चौखट को तोड़ कर कमरे में प्रवेश किया और तीन दरवाजों की चौखट तोड़ कर घटना को अंजाम दिया। वृद्धा ने बताया कि शुक्रवार को वह घर में लगे पेड़ों को पानी देने आई थीं तब तक सब कुछ ठीक था।
टुंडला निवासी बेटी के भी रखे थे जेवर
घटना की सूचना पर वृद्धा के दामाद रविशेखर पटेल भी पहुंचे। उन्होने बताया कि वह रेलवे में कार्यरत है, उनकी तैनाती टुंडला में होने के कारण वह पत्नी अनुराधा के साथ टुंडला में किराए के मकान में रहते है। उन्होंने बताया कि जेवर चोरी होने के भय के कारण उन्होंने पत्नी के करीब नौ लाख रूपये के जेवर अपनी सास राजरानी के पास रखवा दिए थे।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस
घटना की सूचना पर नौबस्ता थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। इसके बाद दरोगा पवन मिश्रा पीड़िता से ही थानाक्षेत्र की जानकारी करने लगे। पीड़िता ने बताया कि बीते दिनों जब लूट की घटना हुई थी तो नौबस्ता थाने में ही मुकदमा पंजीकृत कराया गया था, जिस पर उन्होंने रोड पार का हिस्सा बिधनू थानाक्षेत्र का बताया। काफी मशक्कत के बाद बिधनू थाने में तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद चोर
वृद्धा के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे कई माह से खराब पड़े हुए थे, जिस कारण चोर उसमें कैद नहीं हो सके। चोरी की घटना की जानकारी पर नौबस्ता पुलिस ने घटनास्थल के कुछ दूरी पर स्थित शुक्ला आटा चक्की पर लगे आस-पास लगे सीसीटीवी जांच की, जिसमें चोर कैद हो गए। सीसीटीवी फुटेज में एक चोर मुंह को अंगौछे से ढ़क कर झोला लेकर जाते हुए दिखाई पड़ रहा है। सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने कब्जे में ले लिए।
मातृ दिवस पर बेटियों ने दी थी आधा किलो चांदी की पायल
परिजनों के मुताबिक बीते 14 मई को मातृ दिवस के मौके पर वृद्धा राजरानी को उनकी बेटियों ने मिलकर आधा किलो चांदी की पायल भेंट की थी, जिसे चोर पार कर ले गए। वृद्धा ने बताया कि चोर उनके कई जरूरी कागजात भी पार कर ले गए।
यह भी पढ़ें:-प्रतापगढ़: मोबाइल पर मैसेज आते हैं खाताधारकों के उड़े होश, शाखा प्रबंधक समेत सात के खिलाफ केस दर्ज, जानें मामला
