Unnao News : फिल्मी अंदाज में बदमाशों ने की वारदात, पुलिस वाले बनकर आए और विधायक के बहनोई की ले उड़े चेन
उन्नाव में बदमाशों ने विधायक के बहनोई की लूटी चेन।
उन्नाव के गंगाघाट में फिल्मी अंदाज में पुलिस वाले बनकर विधायक के बहनोई की बदमाश ढाई लाख की चेन ले गए। 10 घंटे में तीन घटनाएं होने से गंगाघाट थर्राया।
उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बार फिर बदमाश फिल्मी अंदाज में एक विधायक के बहनोई से करीब ढाई लाख कीमत की चेन ले गए। 10 घंटे के भीतर तीन घटनाएं होने से क्षेत्र में रहने वाले लोग दहशत में हैं। लेकिन पुलिस कार्यवाही के नाम पर महज सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बता दें कि गंगाघाट कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला सुभाष नगर निवासी सुनील दीक्षित कानपुर नगर के किदवई नगर विधानसभा के विधायक महेश त्रिवेदी के बहनोई हैं। वह ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। सोमवार भोरपहर करीब चार बजे वह मार्निंग वाक पर घर से निकले थे। जैसे ही वह फोरलेन स्थित बाला जी हॉस्टिपल के पास पहुंचे, तभी दो बाइक सवार युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें रोक लिया।
जिसके बाद युवकों ने खुद को पुलिस कर्मी बताते हुये कहा कि इतनी चेन लूट की घटनाएं हो रही हैं और तुम इतनी मोटी चेन पहनकर घूम रहे हो। इस दौरान दोनों ने उनकी चेन उतरवाई और एक कागज में बांधकर उनके पायजामे में रखने लगे। इसी बीच एक और बाइक से दो युवक वहां पहुंचे जहां पुलिस ने उनकी भी तलाशी ली।
जब तक सुनील दीक्षित कुछ समझ पाते तब तक बाइक सवार उनकी करीब ढाई लाख कीमत की चेन लेकर भाग निकले। भोर पहर चेन लेकर भागने की घटना होने से क्षेत्रीय लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी उन्होंने गंगाघाट पुलिस से की। रविवार शाम से अब तक तीसरी घटना होने से कोतवाली पुलिस के होश उड़ गये। आनन फानन कोतवाल राघवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिये हैं।
10 घंटे के भीतर हुई तीन चेन लूट
रविवार शाम करीब सवा छह बजे रिटायर्ड बैंक मैनेजर बंशीलाल की पत्नी शिवकुमारी की बदमाशों ने 15 ग्राम की चेन तोड़ ली। जिसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे आनंद नगर निवासी उदय नारायण की पत्नी अर्चना की फोरलेन पर एक तोले की चेन तोड़कर भाग निकले। जिसके बाद सोमवार भोर विधायक के बहनोई के साथ फोरलेन पर पुलिस बनकर चार युवक उनकी चेन लेकर भाग निकले।
पुलिस और अपराधियों के गठजोड़ से हो रही घटनाएं
गंगाघाट पुलिस और अपराधियों का गठजोड़ होने के कारण क्षेत्र में लूट की घटनाओं में अचानक बाढ़ सी आ गई है। 12 दिनों के भीतर चार लूट की घटना हो चुकी हैं। लेकिन किसी भी लूट का खुलासा नहीं हो सका है, हां यह जरूर है कि पुलिस का अपराधियों से बातचीत के आडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वॉयरल हुये हैं। जिससे पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़ेे हो रहे हैं।
