Kanpur Dehat: हाइवे किनारे मिला एयरफोर्स जवान का शव, सिर व कान से निकल रहा था खून, परिजन बोले- दोस्तों ने की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में हाइवे किनारे एयरफोर्स जवान का शव मिला।

कानपुर देहात में हाइवे किनारे मिला एयरफोर्स जवान का शव। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। खोजाफूल गांव के पास हाइवे किनारे एयरफोर्स जवान का संदिग्ध हालात में शव पड़ा मिला। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। सूचना पर एएसपी, सीओ, डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक ने छानबीन करते हुए साक्ष्य संकलित किए।

सिकंदरा थाना क्षेत्र के खोजाफूल गांव के पास हाइवे किनारे औरैया जाने वाले मार्ग पर सोमवार को एक युवक शव पड़े होने की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पांडेय, नवागत सीओ प्रिया सिंह, थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान बरौर थाना क्षेत्र के थनवापुर निवासी असम में तैनात एयरफोर्स के जवान नीतेश त्रिपाठी (27) पुत्र इंद्र कुमार के रूप में की गई।

एएसपी ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला व डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाकर छानबीन कराई और साक्ष्य एकत्रित कराए। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि नीतेश ने दोस्त प्रदीप यादव से करीब तीन वर्ष पूर्व सह खातेदार के रूप में डंपर लिया था। जिसमें दस लाख रुपये के लेनदेन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को भी लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।

रविवार की शाम को दोस्त अनुज का फोन आने के बाद मृतक परिजनों से जनपद इटावा जाने की बात कहकर निकला था। जिसके बाद सोमवार को नीतेश का हाइवे किनारे शव मिला। मोत पर मां सीमा देवी, छोटे भाई रमन त्रिपाठी, पिता इंद्र कुमार, बड़े भाई हरिओम त्रिपाठी आदि का रो-रोकर बुरा हाल रहा। एएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि घटना की हर पहलू पर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

सिर व कान से निकल रहा था खून

हाइवे किनारे मिले मृतक एयरफोर्स जवान नीतेश त्रिपाठी के सिर व कान से खून निकल रहा था। जिससे संभावना जताई जा रही है कि उससे मारपीट की गई होगी या फिर किसी वाहन की टक्कर से भी चोट लग सकती है। फिलहाल परिजनों के आरोपों व अन्य बिंदुओं पर गंभीरता से छानबीन कर रही है।

भाई की शादी में शामिल होने आया था मृतक

मृतक एयरफोर्स जवान नीतेश त्रिपाठी के बड़े भाई हरिओम त्रिपाठी का बीते तीन जून को तिलक था और 22 जून को बारात जानी है। जिसके चलते नीतेश बीती 27 मई को असम से अवकाश लेकर घर आया था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थी, लेकिन मौत के बाद खुशियां मातम में पसर गईं।

संबंधित समाचार