अयोध्या: सुनवाई न होने से नाराज भाकियू कार्यकर्ता सड़क पर उतरे, मान-मनौव्वल के बाद लौटे धरना स्थल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या/अमृत विचार। अनिश्चितकालीन धरने के बावजूद  किसानों की 27 सूत्रीय समस्याओं के समाधान व तपस्वी छावनी के संत परमहंस के विरुद्ध एफआईआर की मांग मामले में कोई कार्रवाई न होने से नाराज भाकियू कार्यकर्ताओं ने 19वें दिन सोमवार को महापंचायत के बाद मंडलायुक्त आवास की ओर कूच कर दिया। मामले की गंभीरता देख पुलिस-प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोक लिया। काफी मशक्कत के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर सभी को धरना स्थल तिकोनिया पार्क वापस भेजवाया।   

गौरतलब है कि भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ता किसानों की समस्याओं और संगठन के नेता राकेश टिकैत के खिलाफ अयोध्या के परमहंस दास की ओर से अभद्र टिप्पड़ी को लेकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग को लेकर तिकोनिया पार्क में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। मामले में कोई सुनवाई न होने पर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सोमवार को महापंचायत बुलाई थी और महापंचायत के बाद दूसरी पहर मंडलायुक्त आवास ओर कूच कर दिया।

राष्ट्रीय सचिव घनश्याम वर्मा ने बताया कि नगर मजिस्ट्रेट व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस बल ने रास्ते में रोका तो कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए। प्रशासन ने किसान समस्याओं को दस दिन में निस्तारित कराने का आश्वासन दिया लेकिन कार्यकर्ता परमहंस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा तत्काल कापी उपलब्ध कराने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उपलब्ध कराने की बात कही है, जिसके चलते कार्यकर्त्ता वापस तिकोनिया पार्क पहुंच धरने पर बैठ गए हैं। एफआईआर की नकल मिलने के बाद ही अनिश्चितकालीन खत्म होगा।  

मध्यांचल प्रदेश सचिव सूर्यनाथ वर्मा ने बताया कि हरियाणा प्रदेश में सूरजमुखी की एमएसपी मांग रहे किसानों पर हुआ बर्बर लाठीचार्ज व गिरफ्तारी निंदनीय है। राष्ट्रपति को 3 सूत्रीय ज्ञापन भेज गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को रिहा करने, लाठीचार्ज के दोषी अधिकारियों को दंडित करने तथा सूरजमुखी सहित सभी फसलों की एमएसपी घोषित करने की मांग की गई है। धरना-प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष राम गणेश मौर्य, युवा जिला अध्यक्ष भागीरथ वर्मा, देवी प्रसाद वर्मा, शंकर पाल पांडे, रामप्रताप गुप्ता, राजदेव यादव, राजेश मिश्रा, उर्मिला निषाद, रामावती मिश्रा, मोहसिना बानो, विद्या यादव समेत अन्य शामिल रहे।

यह भी पढ़ें:-Khan Mubarak: माफिया खान मुबारक पर दर्ज थे दर्जनों मुकदमें, अवैध संपत्तियों पर चला था बाबा का बुलडोजर

संबंधित समाचार