पीलीभीत: फरियादी को ही पूरनपुर पुलिस ने हवालात में डाला, बोली- पहले समझौता कर...जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। दरवाजे पर बकरी पहुंचने से गुस्साए पड़ोसी ने महिला की पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। आरोप है कि जब शिकायत की गई तो पीड़िता के दामाद को पुलिस ने हवालात में बंद कर दिया। एसपी से महिला ने न्याय की गुहार लगाई है।
पूरनपुर कोतवाली के गांव गुलड़िया खास निवासी रामादेवी ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे उसकी बकरी पड़ोसी के दरवाजे पर पहुंच गई। वहां पर घास की बनी बाड़ को बकरी ने खींच लिया। इसी बात से गुस्साए पड़ोसी ने आकर हमला कर दिया। घर में घुसकर मारपीट की।
बचाने आई बहन और पुत्री को भी पीटा। घर में बंधे चार बकरे भी खोल ले गए। मारपीट में उसकी बहन विमला देवी के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई। आरोप है कि वह घायल बहन को लेकर कोतवाली पहुंची, तो पुलिस ने उसकी फरियाद सुनने के बजाय दामाद सेहरामऊ निवासी किशन देव को हवालात में बंद कर दिया। आरोप है कि दामाद को छोड़ने के बदले पुलिस उन लोगों से फैसला करने का दबाव बनाया।
फैसला नहीं करने पर पुलिस ने उसके दामाद को नहीं छोड़ा। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। उधर, पूरनपुर कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: आखिर क्यों पति ने पत्नी के फोटो एडिट कर सोशल मीडिया कर दिए वायरल, जानिए पूरा मामला
