मुरादाबाद : सेवानिवृत्त कर्मचारी से 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी, कारोबार में निवेश कराने के नाम पर मांगी थी रकम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सेवानिवृत्त बुजुर्ग ने चार लोगों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि आरोपियों ने कपड़े के कारोबार में निवेश कराने के नाम पर उनके बेटे से 40 लाख रुपये हड़प लिए और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।

थाना सिविल लाइंस फ्रैंडस एनक्लेव निवासी मुजीबुल हसन ने बताया कि वह जिलाधिकारी कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी के पद से 2011 में सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके बेटे हन्नाउल हसन की पहचान पक्का बाग निवासी फैजी जाहिद और काशिफ से थी। दोनों का पक्का बाग में ही कपड़ों का शोरूम है। दोनों ने हन्नाउल को शोरूम में निवेश का लालच दिया। जिस पर उनके बेटे ने दो लाख रुपये दे दिए थे। 

सात माह तक 20 हजार रुपये लाभ दिया गया। इसके बाद दोनों ने उससे 30 लाख रुपये निवेश करने को कहा। मुजीबुल हसन ने उन्हें 30 लाख रुपये दे दिए। कुछ दिन बाद फिर से रुपयों की मांग की। इस तरह दोनों ने लगभग 52 लाख रुपये ले लिए। समझौते के वक्त दोनों ने अपने मकानों के दस्तावेज भी दिए थे। तय हुआ था कि रकम न लौटने पर मकान का बैनामा करा दिया जाएगा। आरोप है कि दोनों ने मकान बेच दिया। जानकारी होने पर पिता-पुत्र ने आरोपियों से रकम वापस मांगी।

बतायाकि अब फैजी ने दुकान का नाम बदल दिया है और अपने भाई मोहम्मद फरहान, फैद आलम और बुरहान आलम को दुकान पर कब्जा करा दिया। आरोपियों ने वादी के 40 लाख रुपये देने से इनकार कर दिया है। पीड़ित ने रकम मांगी तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : छात्रों को नहीं देने दिया समाजशास्त्र का पेपर, हिंदू महाविद्यालय कंट्रोल रूम का किया घेराव

संबंधित समाचार