बरेली: होश आया तो दिखा एसडीओ का चेहरा, जेई ने फेर लिया मुंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बिजली विभाग में तैनात एक जेई ने तीन दिन पहले जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया था। जेई का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना को लेकर विभागीय अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। कहा जा रहा है कि एसडीओ की डांट के बाद जेई ने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया था। जेई को सोमवार को होश आ गया, जिसके बाद सबसे पहले एसडीओ परिवार के सदस्यों के साथ मुलाकात करने पहुंचे लेकिन एसडीओ को देखकर जेई ने मुंह मोड़ लिया। परिवार वालों के मुताबिक जेई होश में आने के बाद ज्यादा कुछ बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

भुता बिजली उपकेंद्र पर तैनात जेई शमशुल इस्लाम ने शुक्रवार की रात घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसके बाद हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं जिस एसडीओ से विवाद की बात कही जा रही है वह घटना के बाद से ही जेई की तीमारदारी और उनकी हालचाल लगातार ले रहे हैं। सोमवार सुबह सबसे पहले वह मुलाकात करने के लिए पहुंचे तो साथ में जेई का बेटा इब्राहिम भी मौजूद था। बेटे को देखकर जेई भावुक हो गये। एसडीओ ने इशारे से उनका हालचाल जानने का प्रयास किया तो जेई ने मुंह मोड़ लिया। दूसरी तरफ बाहर आये एसडीओ अपने आप को पूरी तरह पाक साफ बता रहे हैं। उनके मुताबिक उनके साथ ऐसा कोई विवाद नहीं हआ।

सूत्रों की मानें तो एसडीओ और जेई के बीच तनातनी पिछले कई दिन से चल रही थी। पिछले दिनों 8 माह का बकाया बिजली का बिल होने पर एक आटा चक्की का कनेक्शन काट दिया गया था। जिसके बाद उससे दोबारा से कटिया डालकर बिजली चोरी को एसडीओ ने पकड़ा था। एसडीओ को शक था कि जेई के इशारे पर बिजली चोरी की जा रही थी। जिसके बाद उन्होंने जेई को सब लोगों के सामने शुक्रवार की शाम को डांट दिया था। वहीं कुछ लोग ट्यूबवेल कनेक्शन में देरी को लेकर उपभोक्ता द्वारा हंगामे की चर्चा भी कर रहे हैं।

पूरे मामले में फिलहाल जेई के बयान नहीं हो पाए हैं। सोमवार को जेई को होश आ गया है। मंगलवार को जेई के बयान दर्ज करने का प्रयास किया जाएगा। जिसके बाद ही पूरे मामले की हकीकत पता चल सकेगी।-अशोक कुमार चौरसिया, अधीक्षण अभियंता

ये भी पढे़ं- बरेली: आईजीआरएस निस्तारण में जिले के 12 थाने अव्वल, पुलिसकर्मी सम्मानित

 

संबंधित समाचार