बरेली: 15 से 21 तक आयुर्वेदिक अस्पतालों में कराएं योगाभ्यास, रंगोली प्रतियोगिताएं- डीएम
बरेली, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सोमवार कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि सभी आयुर्वेदिक अस्पतालों में 15 से 21 जून तक योगाभ्यास, रंगोली, स्लोगन प्रतियोगिताएं कराई जाएं। सभी संबंधित विभाग, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक, अन्य संस्थाओं को भी योग सप्ताह दिवस कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए गए। कहा कि इससे संबंधित फोटो, वीडियो आयुष कवच साइड पर अपलोड करें।
उन्होंने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि योग दिवस अभ्यास कार्यक्रम का स्थान गांधी उद्यान पार्क और सीआई पार्क रहेगा, जहां पर सुबह 6 बजे से जनप्रतिनिधि कार्यक्रम का आरंभ करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 6 बजे मनाया जाएगा। कहा कि जिला पंचायत राज अधिकारी 14 जून से ग्रामीण स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। सीडीओ जग प्रवेश, एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय, एसपी यातायात राम मोहन सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राज कुमार गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: नोंकझोंक के बीच शहर के चौराहों से हटाए अवैध यूनिपोल, डेढ़ लाख वसूले
