बरेली: नोंकझोंक के बीच शहर के चौराहों से हटाए अवैध यूनिपोल, डेढ़ लाख वसूले
बरेली, अमृत विचार। अवैध यूनिपोल, सिंगल पोल और डिवाइडर पर लगे लोहे के एंगल पर हो रहे विज्ञापन से राजस्व हानि की बात निगम को याद आ ही गई। सोमवार को अतिक्रमण प्रभारी ने टीम के साथ निकलकर शहर के एक हिस्से में लगे कुछ अवैध विज्ञापन पटों को हटवाकर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला है। इस बीच टीम के साथ एडवरटाइजिंग एजेंसी के लोगों की नोंकझोंक भी हुई।
दोपहर लगभग 12 बजे अतिक्रमण प्रभारी ललतेश सक्सेना, अतिक्रमण दस्ता प्रभारी जयपाल पटेल अपनी टीम के साथ पहले पटेल चौक से हिंद टाकीज के पीछे सड़क से अतिक्रमण हटवाया। यहां कार बाजार के व्यापारी फुटपाथ पर ही कार की डेंटिंग पेंटिंग करते हैं, जिससे जाम लगता है। टीम ने सोमवार को यहां फौरी तौर पर अतिक्रमण हटवा दिया है।
इसके बाद टीम शहामतगंज चौराहे पर लगे अवैध विज्ञापन होर्डिंग्स को हटाया। यहां से वह सेटेलाइट चौराहे होते हुए सौ फुटा चौराहे तक गई। इस दौरान टीम ने सूची से मिलान करते हुए विज्ञापन यूनिपोल को देखकर उसे हटाना शुरू किया। कई लोगों की अनुमति चार विज्ञापन पट लगाने की थी लेकिन उन्होंने इससे ज्यादा लगा रखे थे। सेटेलाइट से सौ फुटा तक टीम ने पांच अवैध यूनिपोल को हटाया गया। डोहरा रोड पर डिवाइडर पर यूनिपोल लगाने को खड़े किये गये स्टैंड को भी ध्वस्त कर दिया गया। सेटेलाइट के आगे विज्ञापन एजेंसियों के लोग भी एकजुट होकर आ गए और उन्होंने टीम की कार्रवाई का विरोध भी किया लेकिन प्रभारी ने जब सूची दिखाई तो उन्हें शांत होना पड़ा। इस दौरान अवैध यूनिपोल लगाने में नगर निगम ने विज्ञापन एजेंसियों से डेढ़ लाख का जुर्माना भी वसूला है।
ये भी पढ़ें- बरेली: आईजीआरएस निस्तारण में जिले के 12 थाने अव्वल, पुलिसकर्मी सम्मानित
