बरेली: खूंखार कुत्तों ने फिर एक बच्चे पर किया हमला, निजी अस्पताल में भर्ती
बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज क्षेत्र के बंडिया में कुत्ते आदमखोर हो गए हैं। कुत्ते आए-दिन बच्चों पर हमला कर रहे हैं। सोमवार को भी कुत्तों के झुंड ने बंडिया के 11 वर्ष के बालक शाहनवाज पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्तों ने शरीर पर कई जगह काटा है। बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खना गौटिया, बंडिया समेत कई गांव ऐसे हैं जो नगर निगम सीमा में आते हैं। कुत्तों से निजात दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन कोई ठोस कदम उठा रहा है। आए-दिन कुत्तों के हमला करने से क्षेत्र के लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर दहशत में रहते हैं। अब तक इस वर्ष पांच महीने में 12 बच्चों को कुत्ते हमला कर चुके हैं। शाहनवाज का परिवार बंडिया में किराये पर रहता है।
कुछ दिन पहले मंदिर के बाहर खेल रहे बच्चे पर झपटे थे कुत्ते
कुछ दिन पहले खना गौटिया क्षेत्र में रहने वाले आठ वर्षीय विष्णु मंदिर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच आदमखोर कुत्तों के झुंड ने उसे घेरकर मुंह पर गहरे जख्म कर दिए थे। बच्चे की चीख-पुकार सुन आसपास लोगों ने दौड़कर उसकी जान बचाई थी। बंडिया गांव में नहर के पास कुत्तों का झुंड रहता है। दो माह पहले ही मासूम परी पर हमला कर कुत्तों ने जान ले ली थी। इससे पहले मोरपाल और रोहनी की जान भी ले चुके हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: 15 से 21 तक आयुर्वेदिक अस्पतालों में कराएं योगाभ्यास, रंगोली प्रतियोगिताएं- डीएम
