सतपुड़ा भवन में लगी आग हुई बेकाबू, सीएम शिवराज ने अमित शाह और राजनाथ सिंह से मांगी मदद
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर चर्चा कर आग की घटना की जानकारी दी और आवश्यक मदद मांगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार चौहान ने इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से दूरभाष पर चर्चा कर आग बुझाने के लिये एयर फोर्स की मदद मांगी है। रक्षा मंत्री ने एयर फोर्स को निर्देश दिये हैं। आज रात एयर फोर्स के एएन-32 विमान और एमआई-15 हेलीकॉप्टर भोपाल पहुंचेंगे।
ये विमान और हेलीकॉप्टर बकेट द्वारा सतपुड़ा भवन पर ऊपर से पानी डाल कर आग बुझाने का कार्य करेंगे। भोपाल एयरपोर्ट रात भर खुला रहेगा। सतपुड़ा भवन की जिन 3, 4, 5 और 6वीं मंजिल में आग लगी है, वहां मूलत: जनजातीय कल्याण, परिवहन और स्वास्थ्य विभाग के स्थापना संबंधी विभागीय कार्य होते हैं। किसी भी विभाग का टेण्डर और प्रोक्योरमेंट संबंधी कोई भी कार्य नहीं होता है। आग से जनजातीय क्षेत्रीय विकास कार्यालय की नस्तियां और उपकरण आदि नष्ट हो गये हैं। इस कार्यालय का अधिकांश कार्य ऑनलाइन होता है। इसलिये कोई भी कार्य प्रभावित नहीं होगा। कार्यालय में अति महत्वपूर्ण दस्तावेज संधारित नहीं होते थे। ये दस्तावेज शासन में रहते हैं। स्थापना के दस्तावेज आयुक्त कार्यालय में रहते हैं, जिसका विंग पृथक है।
ये भी पढे़ं- चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के 15 जून को गुजरात पहुंचने की आशंका, 7500 लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
