Kanpur Dehat: चौथी के दूसरे दिन ही संदिग्ध हालत में फंदे पर लटकी विवाहिता, सात जून को हुई थी शादी, पति समेत ससुरालीजन फरार
कानपुर देहात में चौथी के दूसरे दिन ही संदिग्ध हालत में फंदे पर लटकी विवाहिता।
कानपुर देहात में चौथी के दूसरे दिन ही संदिग्ध हालत में फंदे पर लटकी विवाहिता। घटना के बाद पति समेत ससुरालीजन फरार हो गई।
कानपुर देहात, अमृत विचार। चौथी के दूसरे ससुराल तिस्ती आई नवविवाहिता संदिग्ध हालत में गांव के बाहर खड़े अर्जुन के पेड़ में चुनरी से बने फंदे पर लटकती मिली। चौथी के बाद सोमवार को वह अपने मायके से से विदा होकर तिस्ती आई थी। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने छानबीन करते हुए साक्ष्य संकलित किए हैं।
तिस्ती निवासी दिनेश राठौर के बेटे सूरज राठौर की शादी बीती 7 जून को रसूलाबाद थाना क्षेत्र के सेऊघुरऊ निवासी स्व. नाथूराम राठौर की बेटी रीना राठौर (18) के साथ हुई थी। 8 जून को वह विदा होकर अपनी ससुराल तिस्ती पहुंची। इसके बाद रविवार को चौथी की विदा में वह मायके गई। सोमवार को वह फिर पति के साथ विदा होकर ससुराल तिस्ती आ गई। '
मंगलवार सुबह रसूलाबाद-बिल्हौर वाया तिस्ती रोड किनारे बीएनआरसी इंटर कॉलेज की पुलिया के पास लगे अर्जुन के पेड़ में लोगों ने उसे सुबह फंदे पर लटकते देखा तो सूचना ससुराली जनों को दी। ससुर दिनेश राठौर ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। मौके पर पहुंचे तिस्ती चौकी इंचार्ज चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने छानबीन की। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए।
वहीं घटना के बाद पति सूरज, सास रामवती, देवर विक्रम मौके से फरार बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि पति समेत अन्य ससुरालीजन मौके से फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। मायके वालों की ओर से तहरीर मिलने पर उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पेड़ के नीचे रखा मिला मृतका का बैग व पर्स
तिस्ती गांव के बाहर चुनरी से बने फंदे पर मिली रीना राठौर के शव मिलने वाले पेड़ के नीचे ही उसका बैग व पर्स रखा मिला। जिसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती है। बैग में उसके कपड़े आदि सामान था। जबकि पर्स में व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री मिलने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर छानबीन में जुटी हुई है।
एकलौती बहन की मौत से परिजनों में कोहराम
मृतका रीना राठौर के पिता नाथूराम राठौर का लगभग 25 वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। उसके चाचा रामबाबू, भाई शिव सिंह, दिव्यांग भाई बबलू और राजू ने प्रयास कर अपनी एकलौती बहन का विवाह तिस्ती निवासी सूरज राठौर के साथ किया था। अचानक हुई घटना से मृतका की मां खिलौना, भाईयों व अन्य परिजनो का रो-रो कर बुरा हाल रहा।
