गोंडा में भीषण सड़क हादसा: बाइक पर ट्रिपलिंग कर रहे युवकों को रोडवेज बस ने रौंदा, तीन की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर सुभागपुर रेलवे क्रासिंग के समीप हुआ सड़क हादसा

गोंडा/अमृत विचार। देहात कोतवाली क्षेत्र के सुभागपुर  रेलवे क्रासिंग के समीप मंगलवार को बाइक पर ट्रिपलिंग कर रहे युवकों को एक रोडवेज बस ने रौंद डाला। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश में जुट गयी है। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवकों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा है। 

इटियाथोक थाना क्षेत्र के अनेगी गांव का रहने वाला 
ननके(28) अपने गांव के ही रहने वाले राजेश (26) और खजहा गांव के रहने वाले अपने रिश्तेदार बृजेश(25) के साथ मंगलवार को किसी काम से गोंडा मुख्यालय गया था। दोपहर बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस इटियाथोक की तरफ जा रहे थे। वह गोंडा बलरामपुर मार्ग पर सुभागपुर रेलवे क्रासिंग के समीप पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक सामने से आ रही एक रोडवेज बस से टकरा गयी। बस तीनों युवकों को रौंदते हुए निकल गयी।

इस भीषण हादसे को देखकर सडक से गुजर रहे लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। जब तक लोग दौड़कर मौके पर पहुंचते तब तक बस चालक मौके से फरार हो गया। इस हादसे में ननके और राजेश की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि बृजेश ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बोर्ड ने खारिज कर दिया गृहकर लगाए जाने का प्रस्ताव, गोसाईगंज नगर पंचायत की बैठक में लाए गए 24 प्रस्ताव

संबंधित समाचार