Kanpur News : SP MLA Irfan Solanki के चाचा इश्तियाक को पुलिस ने भेजा सलाखों के पीछे
कानपुर में इरफान सोलंकी के चाचा को पुलिस ने भेजा जेल।
कानपुर में इरफान सोलंकी के चाचा इश्तियाक को पुलिस ने जेल भेज दिया। पिछले वर्ष नसीम आरिफ ने यह मुकदमा जाजमऊ थाने में दर्ज कराया था।
कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ में जमीन पर कब्जा और रंगदारी के मामले में महराजगंज जेल में बंद सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी के चाचा इश्तियाक सोलंकी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पिछले वर्ष नसीम आरिफ ने यह मुकदमा जाजमऊ थाने में दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
बेकनगंज कंघी मोहाल निवासी मोहम्मद नसीम आरिफ ने इरफान सोलंकी के चाचा इश्तियाक सोलंकी के खिलाफ नवंबर वर्ष 2022 में एफआईआर दर्ज कराई थी। मोहम्मद नसीम आरिफ ने इरफान सोलंकी के चाचा इश्तियाक सोलंकी और भाई रिजवान समेत तीन अज्ञात लोगों पर जमीन कब्जा करने, रंगदारी मांगने, विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।
इस मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले की जांच कर रही जाजमऊ थाने की पुलिस ने आरोप सही पाया था। इसके बाद इश्तियाक सोलंकी को गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इरफान सोलंकी के जेल जाने के बाद उनकी पैरवी उनके चाचा इश्तियाक सोलंकी ही कर रहे थे। लेकिन अब उनके जेल जाने के बाद इरफान के पूरे परिवार की मुसीबतें और बढ़ जाएंगी।
नसीम आरिफ ने दर्ज करा रखी है दो एफआईआर
जिस मामले में इरफान सोलंकी के चाचा की गिरफ्तारी हुई। इसके साथ ही अन्य एफआईआर भी नसीम आरिफ ने अपने विरोधी इश्तियाक सोलंकी, रिजवान सोलंकी समेत अन्य के खिलाफ दर्ज करा रखी है। जाजमऊ पुलिस ही दोनों मामलों की जांच कर रही है। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने दावा किया कि जल्द ही अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
