अयोध्या: महिलाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान के प्रति जागरूक करने को शुरू हुआ अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या/अमृत विचार। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जनपद पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान के प्रति जागरूक करने के लिए एक पखवाडे का विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत गांव से शहर तक महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा संबंधी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों समेत साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया जा रहा है। 

गौरतलब है कि प्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान को लेकर मिशन शक्ति अभियान शुरू किया था, जिसका चौथा चरण चल रहा था। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक की ओर से महिला संबंधी अपराध पर लगाम तथा उनको  योजनाओं का लाभ दिलवा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू मिशन शक्ति अभियान में विशेष पखवाड़ा आयोजित करने का निर्देश दिया है।  

जिसके तहत अभियान से जुड़े पुलिसकर्मियों को महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्या और शिकायत नोट करने तथा इसका निराकरण कराने की हिदायत दी गई है। वहीं महिलाओं, बालिकाओं, छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी स्वाबलंबन एवं नारी सम्मान को लेकर चलाए जा रहे  महिला सुरक्षा संबंधी विभिन्न हेल्पलाइन 1090, यूपी 112,181,1076 आदि तथा साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया है।  इसी को लेकर सोमवार को एसएसपी ने बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया था और मंगलवार को पुलिस की टीमों ने अभियान शुरू कर दिया।  

पुलिस कार्यालय की ओर से बताया गया कि जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान शुरू हुआ है। अभियान के तहत मिशन शक्ति दल की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की विभिन्न महिला सुरक्षा संबंधी विभिन्न हेल्पलाइन का पत्रक वितरित कर जागरूक किया जा रहा है। साथ ही साइबर अपराध के बारे में बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि किसी अन्जान व्यक्ति को अपना ओटीपी शेयर न करें। वहीं एंटी रोमियो टीमें बेवजह घूमने वाले युवाओं, बालकों, असामाजिक तत्वों आदि की जाँच और हिदायत देने में जुटी हैं।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बोर्ड ने खारिज कर दिया गृहकर लगाए जाने का प्रस्ताव, गोसाईगंज नगर पंचायत की बैठक में लाए गए 24 प्रस्ताव

संबंधित समाचार