मुरादाबाद : पीतल नगरी डिपो पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कैंटीन से लिया नमूना
आइसक्रीम पार्लर पर भी पहुंची टीम, डेयरी उत्पादों की जांच की
मुरादाबाद, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को पीतल नगरी बस स्टेशन पर छापेमारी की। वहां संचालित कैंटीन और खाद्य पदार्थों के स्टॉल पर बेचे जा रहे उत्पादों की गुणवत्ता में संदेह होने पर जांच के लिए नमूना लिया। वहीं, एक देशी शराब की दुकान का फूड लाइसेंस न होने पर संचालक का चालान किया।
टीम ने इसके अलावा सलमान के कन्फेक्शनरी स्टॉल से आम रस मैंगो ड्रिंक्स, जमीर की दुकान से वेज बिरयानी व मूंग दाल का नमूना संग्रहित किया। प्रतिष्ठान पर सफाई संतोषजनक न होने पर जमीर को नोटिस दिया। इसके साथ ही टीम ने बरकत एंटरप्राइजेज निकट कमल टाकीज बारादरी से डेयरीफन के दो ब्राण्ड छप्पन भोग, बटर स्कॉच आइसक्रीम का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। टीम ने कंजरी सराय स्थित देशी शराब की दुकान के संचालक राकेश आहूजा का फूड लाइसेंस न होने पर चालान किया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि सभी नमूने जांच के लिए सम्भागीय खाद्य प्रयोगशाला वाराणसी भेजे गए हैं। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदम्बा प्रसाद और धर्मपाल सिंह शामिल रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में बढ़ा भारत का मान- घनश्याम लोधी
