संभल: किशोरी से तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म, 10 दिन बाद दर्ज की गई रिपोर्ट
गांव के ही दो युवकों ने खेत पर गई किशोरी के साथ की घटना
संभल/रजपुरा, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव में खेत पर गई किशोरी के साथ दो युवकों ने तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी से जिक्र करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। 10 दिन बाद अधिकारियों के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी तीन जून को पशुओं के लिए चारा लेने खेत पर गई थी। अकेला देख गांव के ही दो युवकों ने उसे दबोच लिया। किशोरी ने शोर मचाने का प्रयास किया तो युवकों ने उस पर तमंचा तानते हुए जान से मारने की धमकी दी।
किशोरी को डरा धमकाकर दोनों युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे धमकाकर आरोपी चले गये। पीड़िता के पिता का कहना है कि उसने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। तब उसने अधिकारियों से गुहार लगाई। थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। गांव के ही आरोपियों आरोपी धर्मेंद्र व परमानंद की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें:- संभल: ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत, 10 घायल
