अयोध्या: सीएम का अयोध्या दौरा कल, अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
आयुक्त कार्यालय में समीक्षा के बाद लेंगे विकास कार्यों का जायजा
अयोध्या/अमृत विचार। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार की शाम जनपद पहुंचेंगे। आयुक्त सभागार में अयोध्या के विकास कार्यों की समीक्षा के बाद विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय जायजा लेंगे। सरयू अतिथि गृह में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार की सुबह भरतकुंड में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे। सीएम के आगमन के मद्देनजर अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया है।
गौरतलब है कि मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने को लेकर गुरुवार को भरतकुंड में जनसभा का आयोजन किया गया है। पहले चर्चा थी कि इस जनसभा में शिरकत के लिए सीएम कार्यक्रम के दिन ही आएंगे लेकिन जिला प्रशासन को मिले कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री बुधवार की शाम 6:00 बजे जनपद पहुंचेंगे और आयुक्त सभागार में अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव स्तर एवं उर्जा, माध्यमिक व बेसिक शिक्षा, गृह, राजस्व, परिवहन, नगर विकास, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, पर्यटन, धर्मार्थ कार्य, सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, लोक निर्माण विभाग आदि के अधिकारियों के साथ अयोध्या के विकास को लेकर चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।
समीक्षा बैठक के बाद वह विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण तथा सरयू अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे। चर्चा है कि रामल्ला व हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन के साथ सीएम गुप्तार घाट, सूरज कुंड आदि का स्थलीय निरीक्षण कर सकते हैं जिसको लेकर मंगलवार को मंडलायुक्त गौरव दयाल और आईजी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल भरतकुंड समेत अन्य स्थलों का जायजा लिया है और सुरक्षा व्यवस्था को जांचा परखा है। मातहत अधिकारियों को साफ सफाई, सुरक्षा और आवागमन आदि की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: नंदीग्राम में मुख्यमंत्री योगी की जनसभा को लेकर सांसद ने की तैयारी बैठक
