हरदोई की धोखेबाज भाभी, इस बड़े धोखे के बाद देवर को दे रही जानमाल की धमकी, केस दर्ज
हरदोई। पति की मौत के बाद उसकी पत्नी ने फर्जी विरासत बना कर धोखाधड़ी कर जमीन बेंच दी। तहसीलदार के यहां विरासत को चुनौती देने पर भाभी अपने देवर को जान-माल की धमकी दे रही है। इसके लिए पुलिस से गुहार लगाई गई, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। उसके बाद कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया। कोर्ट के आदेश पर भाभी समेत चार लोगों के धोखाधड़ी करने का केस दर्ज किया गया है।
बताया गया है कि बिलग्राम कोतवाली के रामपुर मझियारा निवासी मान सिंह पुत्र शम्भू दयाल ने कोर्ट में दी अर्ज़ी में कहा था कि वह दो भाई था। बड़े भाई सूरज की मौत हो गई। सूरज की पत्नी प्रीति पुत्री मुन्नूलाल निवासी कटरा कोतवाली बांगरमऊ ज़िला उन्नाव ने फर्ज़ी विरासत बनवा ली।मान सिंह को इसका पता हुआ तो उसने तहसीलदार बिलग्राम के यहां बनाई गई विरासत को चुनौती दे दी।
उसके बाद उसने धोखाधड़ी कर वहां की ज़मीन मनोज पुत्र शिवराज निवासी औरेनी भदार थाना हरपालपुर और अरवल थाने के कुशलपुरवा मजरा श्रीमऊ निवासी प्रवीण कुमार पुत्र गिरिन्द्र व प्रवीण के भाई सौरभ के हाथ बेंच दी। उसके बाद विरासत को चुनौती देने के मामले में सुलह का दबाव बना रही है।
मान सिंह का कहना था कि प्रीति गिरोहबंद है,वह अपने साथियों के साथ बराबर धमकी दे रही है। जेएम (द्वितीय) के कोर्ट के आदेश पर बिलग्राम पुलिस ने प्रीति,मनोज,प्रवीण और सौरभ के खिलाफ धारा 420/504/506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
