रिश्तों में कत्ल : नशेबाजी में किया कांड, बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट, हैरान रह गए आस-पड़ोस के लोग
कानपुर देहात में नशेबाजी में बेटे ने पिता की कैंची से गोदकर हत्या कर दी।
कानपुर देहात में नशेबाजी में बेटे ने पिता की कैंची से गोदकर हत्या कर दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच शुरू की।
कानपुर देहात, अमृत विचार। अकबरपुर के कांशीराम कॉलोनी में घरेलू विवाद के चलते शराब के नशे में बेटे ने पिता की कैंची से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार करते हुए कैंची भी बरामद कर ली है। मृतक की पत्नी पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अकबरपुर के आलमचंद्रपुर स्थित कांशीराम कॉलोनी में मजदूरी करने वाले अजय कुमार (50) पत्नी सुनीता समेत छह बच्चों के साथ रहते थे। अजय व उसका बड़ा बेटा सैलून संचालक विवेक शराब पीकर आए दिन विवाद किया करते। मंगलवार की रात भी दोनों शराब के नशे में आए और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। इसके बाद दोनों में मारपीट शुरू हो गई।
तभी विवेक ने घर में रखी कैंची से पिता के सीने व पेट पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से भाग निकला। सुनीता व आसपास के लोग घायल अजय कुमार को जिला अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। मृतका की पत्नी सुनीता ने बताया कि पूर्व में नशेबाजी को लेकर पिता-पुत्र में कई बार विवाद हो चुका था। सूचना पर अकबरपुर कोतवाल सतीश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन की। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी विवेक को अकबरपुर चौराहे के पास से ही पकड़ लिया गया है। उसकी निशानदेही पर कैंची भी बरामद कर ली गई है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
कैंची से वार करने में खुद घायल हुआ आरोपी बेटा
नशे की हालत में पिता अजय कुमार पर ताबड़तोड़ कैंची से वार करने के दौरान खुद आरोपी बेटा विवेक भी घायल हो गया। उसके हाथ में चोट के निशान मिले हैं। हालाकि इस दौरान आरोपी के भाई छोटे ने पिता-पुत्र को अलग करने का प्रयास जरूर किया था, लेकिन दोनों नहीं माने और बड़ी घटना हो गई।
हत्यारे बेटे ने दस बार कैंची से पिता को गोदा
हत्यारोपी विवेक नशे में इस कदर डूबा हुआ था कि उसने एक के बाद एक कैंची से पिता अजय कुमार पर दस बार वार किए। इसका खुलासा पोस्टमार्टम में हुआ है। वहीं मौत का कारण अधिक खून बहने से बताया गया है।
खून से लथपथ दो घंटे पड़ा रहा मृतक
हत्यारोपी विवेक के कैंची से ताबड़तोड़ वार करने से पिता अजय कुमार खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। कॉलोनी वासियों ने भी पिता-पुत्र के आए दिन होने वाले झगड़े हो देखते ही गंभीरता से नहीं लिया। जिसके चलते अजय करीब दो घंटे तक बेसुध हालत में वहीं पड़ा रहा। बाद में अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई।
