बरेली: पत्रावलियों पर कामचलाऊ नोटशीट लिखने पर डीएम ने जताई नाराजगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सरकारी विभागों की पत्रावलियों पर नोटशीट कामचलाऊ लिखे जाने के मामले को जिलाधिकारी नितीश कुमार ने गंभीरता से लिया है। नाराजगी जताते हुए डीएम ने जिला स्तरीय अधिकारियों को त्रुटिपूर्ण पत्रावली उनके समक्ष प्रस्तुत न करने के निर्देश जारी किए हैं। कहा है कि भविष्य में प्रस्तुत की जाने वाली पत्रावलियों में …

बरेली, अमृत विचार। सरकारी विभागों की पत्रावलियों पर नोटशीट कामचलाऊ लिखे जाने के मामले को जिलाधिकारी नितीश कुमार ने गंभीरता से लिया है। नाराजगी जताते हुए डीएम ने जिला स्तरीय अधिकारियों को त्रुटिपूर्ण पत्रावली उनके समक्ष प्रस्तुत न करने के निर्देश जारी किए हैं। कहा है कि भविष्य में प्रस्तुत की जाने वाली पत्रावलियों में नोटशीट पर शासनादेश और विभागीय निर्देशों का संपूर्ण विवरण अंकित करें। इसके बाद पत्रावली उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए।

अधिकारियों को जारी चिट्ठी में जिलाधिकारी ने कहा है कि पत्रावलियों पर नोटशीट कामचलाऊ तरीके से संक्षेप में प्रस्तुत कर दी जाती है। यह स्थिति उचित नहीं है। यदि कोई पत्रावली किसी आलेख पर हस्ताक्षरार्थ प्रस्तुत की जाती है तो आलेख का संपूर्ण अंश पत्रावली की नोटशीट पर भी अंकित किया जाए।

इसके साथ संबंधित विभागीय अधिकारी आलेख का भली-भांति परीक्षण कर लें कि पत्रावली पर रक्षित आलेख शासनादेश एवं विभाग द्वारा समय-समय पर निर्गत किए निर्देशों के अनुकूल है अथवा नहीं। अधिकारी अपने कर्मचारियों को निर्देशित करें कि भविष्य में मेरे समक्ष हस्ताक्षर कराने के लिए प्रस्तुत किए जाने वाले आलेख में वर्तनी संबंधी त्रुटि न हो। साथ ही पत्रावली पर प्रस्तुत आलेख की कार्यालय प्रति पर संबंधित अधिकारी द्वारा अपने हस्ताक्षर जरूर किए जाएं।

डीएम ने कहा है कि समस्त विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जब भी कोई पत्रावली उनके समक्ष प्रस्तुत कराई जाए तो उसमें पेजिंग, नोटशीट की नंबरिंग अंकित कराने के उपरांत व्यवस्थित रूप से ही प्रस्तुत की जाए। नोटशीट पर पटल सहायक तथा समस्त प्रस्तुतकर्ता अधिकारियों व कर्मचारियों के हस्ताक्षर के नीचे उनके नाम एवं पदनाम की मुहर के साथ तिथि अवश्य अंकित की जाए।

संबंधित समाचार