लखनऊ : घर में वास्तु दोष बता महिला से हड़पे आभूषण
अमृत विचार, लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार थानाक्षेत्र अन्तर्गत दो उचक्कों ने एक महिला को रास्ते में रोक घर में वास्तु दोष बता उसके गहने उतरवा लिए। इसके बाद उचक्के वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। ठगे जाने पर महिला ने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद महिला के पति ने गोमतीनगर थाने में लिखित शिकायत देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गीतापुरी चौराहा खरगापुर निवासी उत्तम प्रसाद शर्मा ने बताया कि बीते दो जून को पत्नी कलावती घर से बैंक जाने के लिए निकली थी। जैसे ही वह बैंक आफ इंडिया के समीप पहुंची कि दो उचक्कों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उचक्कों ने कहा कि आप जो गहने पहनी हुई हैं। वह अशुद्ध हो चुके हैं। घर में वास्तु दोष है। जिस वजह से घर में अशांति बनी हुई है। वास्तुदोष सही करने के लिए उचक्कों ने गहने मांगे। उचक्कों की बातों को सच मान पीड़िता ने गहने उतार कर दे दिए। इसके बाद उचक्कों ने गहनों को कागज में लपेट एक पुडिया थमा दी। घर पहुंचने पर पीड़िता ने पुड़िया खोली तो वह दंग हो गई। पुड़िया में गहनों की जगह कंकड़-पत्थर मिले।
इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। जिसके बाद परिजनों ने गोमतीनगर विस्तार थाने में लिखित शिकायत देते हुए धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर अवस्थी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उचक्कों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें -दुस्साहस : घर में घुसे दबंग, युवती से दुष्कर्म का प्रयास - विरोध पर मां और बेटी को जमकर पीटा
