रामगंगा में डूबने से 13 वर्षीय छात्र की मौत, साथियों के साथ नदी में नहाने गया था रहबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुन्दरकी, अमृत विचार।  साथियों के साथ रामगंगा में नहाने गए 13 वर्षीय छात्र की डूबकर मौत हो गई। किशोर के डूबने की खबर पाकर बड़ी संख्या में ग्रामवासी घटनास्थल पर पहुंचे और छात्र को नदी में तलाश किया। काफी देर तलाशने के बाद  ग्राम वासियों ने उसे पानी से  निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।  छात्र का शव जैसे ही गांव पहुंचा ,परिवार में कोहराम मच गया। 
   
 बुधवार को थाना क्षेत्र के ग्राम अहमदनगर जैतवाड़ा में किशोर रहबर पुत्र शजर हुसैन( ट्रक ड्राइवर) अन्य बालकों के साथ रामगंगा में स्नान करने गया था। अचानक वह नदी में डूबने लगा। यह देख उसके साथियों में खलबली मच गई और शोर मचाते हुए गांव की तरफ दौडे़। 

गांव पहुंचकर उन्होंने घटना के बारे में आसपास के लोगों को बताया। ग्रामवासी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकाला। बताया जाता है कि रहबर मंदबुद्धि था और  वह बोल भी नहीं सकता था । बताया जा रहा है वह गांव के स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। रहबर की चार बहनें और एक भाई हैं।  छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।  पिता शजर हुसैन ट्रक लेकर गोरखपुर गये हुए हैं। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: समारोह में दंपति से मारपीट, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार