बरेली: ट्रेनों में लोकल पानी खपाने की तैयारी, जंक्शन से पकड़ी 50 पेटी
बरेली, अमृत विचार। गर्मी की वजह से इन दिनों ट्रेनों में भी ठंडे पानी की खूब मांग है। बरेली जंक्शन पर केवल रेल नीर बेचने की अनुमति है लेकिन यहां अवैध तरीके से लोकल पानी खपाया जा रहा है। मंगलवार देर रात को आरपीएफ ने लोकल पानी की 50 पेटी पकड़ीं।
अधिकारियों के मुताबिक जिस हिसाब से जंक्शन पर रेल नीर की खपत है उसको देखते हुए किसी भी तरह से पानी की कमी भी नहीं है, लेकिन गर्मी का फायदा उठाते हुए ट्रेनों के अंदर लोकल कंपनियों का पानी खपाने की पूरी कोशिश की जा रही है। मंगलवार देर रात आरपीएफ को सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म नंबर दो शाहजहांपुर छोर पर बड़ी तादात में पानी की बोतलें रखी हैं।
संभवत: इन बोतलों को किसी ट्रेन की साइड पेंट्री कार में खपाया जा सकता है। आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर करीब पचास पेटी लोकल कंपनी की पानी की बोतलें बरामद की। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अभिषेक बिजारणिया ने बताया कि जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो से बोतलों को पकड़ा गया है। अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढे़ं- बरेली: रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं, आत्मिक सुख के लिए करें रक्तदान- डॉ. लता अग्रवाल
