बरेली: चार लाख किसानों को अब भी छठी किस्त का इंतजार
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल में बढ़ी दुश्वारियों के बीच केंद्र सरकार की ओर से दी जा रही पीएम किसान सम्मान निधि से कई किसानों के चेहरे पर मुस्कान आई, तो लाखों किसानों के चेहरे आज तक नहीं खिल सके। जिले में लगभग चार लाख किसान पीएम सम्मान निधि की छठी किस्त से वंचित हैं। …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल में बढ़ी दुश्वारियों के बीच केंद्र सरकार की ओर से दी जा रही पीएम किसान सम्मान निधि से कई किसानों के चेहरे पर मुस्कान आई, तो लाखों किसानों के चेहरे आज तक नहीं खिल सके। जिले में लगभग चार लाख किसान पीएम सम्मान निधि की छठी किस्त से वंचित हैं। विभागीय कर्मचारी इन किसानों का डाटा सुधारने में तेजी से जुटे हुए हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की डाटा फीडिंग में हुईं खामियों को दूर करने में कृषि विभाग के पसीने छूट रहे हैं। शासन की सख्ती के चलते योजना से वंचित किसानों को तलाशा जा रहा है। विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक जिले में करीब पांच लाख किसान सम्मान निधि के पात्र हैं। इनके खाते में पैसा भेजने के लिए बीते दिनों लखनऊ से सत्यापन के लिए 2.11 लाख किसानों का डाटा भेजा गया।
इनमें सत्यापन के बाद 2.10 लाख किसानों को पात्र मानते हुए डाटा भुगतान के लिए भेज दिया गया। इनमें से अब तक मात्र 99,952 किसानों के खाते में राशि पहुंची है। इस हिसाब से करीब चार लाख किसान योजना से अब भी वंचित हैं। इनमें किसी के खाते नंबर गलत है तो किसी का आधार नंबर गलत बताया जा रहा है।
सरकारी तंत्र के रवैए से परेशान हैं किसान
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना पाने के लिए उप निदेशक कार्यालय पर किसानों की आए दिन लंबी लाइन लगती है, वंचित किसान सरकारी तंत्र के रवैया से परेशान होकर तरह तरह के आरोप लगाते हैं। इनमें कई किसान ऐसे शामिल होते हैं, जो चार या पांच बार से अधिक अपने कागज विभाग में जमा कर चुके हैं। बावजूद इसके योजना की धनराशि आज तक उनके खाते में नहीं पहुंची है।
