चित्रकूट : फराज के घर के हिस्से गिराने की पड़ताल करेंगे छह सपा विधायक, अखिलेश यादव ने दिए निर्देश
चित्रकूट, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के युवा नेता व निवर्तमान जिला महामंत्री फराज खान के मकान के कुछ हिस्से को ढहाए जाने के मामले को गंभीरता से लिया है। पार्टी का मानना है कि यह प्रशासन की द्वेषपूर्ण कार्रवाई है। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने प्रतिनिधि मंडल को चित्रकूट पहुंचकर इस पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर देने के निर्देश दिए हैं। सात सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल में छह विधायक और जिलाध्यक्ष हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि इसकी जानकारी और पीड़ित परिवार से मिलने के लिए 17 जून को प्रतिनिधि मंडल चित्रकूट पहुंचे और रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को दे।
गौरतलब है कि पांच जून को सपा नेता के द्वारिकापुरी स्थित मकान के आगे के कुछ भाग को एसडीएम राजबहादुर, सीओ हर्ष पांडेय, कोतवाली प्रभारी गुलाब त्रिपाठी की अगुवाई में टीम ने जेसीबी से गिरवा दिया था। इस संबंध में उप जिलाधिकारी ने बताया था कि बिना नक्शे के अनधिकृत रूप से बने घर के हिस्से को ध्वस्तीकरण के आदेश के अनुपालन में ढहाया गया है। कहीं पर चार फीट तो कहीं पर तीन फीट हिस्सा गिराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, इस संबंध में 24 मार्च को चित्रकूट विशेष क्षेत्र प्राधिकरण ने फराज के पिता मुन्ने खां को अवैध निर्माण के खिलाफ नोटिस जारी किया था। 27 मई को प्रशासन ने यहां फिर से नापजोख की थी। जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव ने बताया कि इस मामले की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी गई थी। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने रिपोर्ट भेजे जाने के निर्देश दिए हैं।
प्रतिनिधि मंडल में विधायक व मुख्य सचेतक विधानसभा डा. मनोज पांडेय, विधायक बबेरू विशंभर सिंह यादव, विधायक भदोही जाहिद बेग, सदर विधायक अनिल प्रधान, विधायक कानपुर मोहम्मद हसन रूमी, विधायक सुल्तानपुर ताहिर हुसैन के अलावा जिलाध्यक्ष शामिल रहेंगे।
पक्षपातपूर्ण काम कर रहा प्रशासन- जिलाध्यक्ष
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह भाजपाइयों के इशारे पर काम कर रहा है और पक्षपात कर रहा है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि फराज खान के घर के अगल बगल ही उतनी ही दूरी पर घर बने हैं, पर वे प्रशासन को नहीं दिखे। सिर्फ सपा नेता का ही घर तोड़ा गया, यह क्या किसी को दिखता नहीं।
निखत की मदद में गिरफ्तार हुआ था फराज
गौरतलब है कि फराज खान पर निखत बानो को शहर में रहने के लिए कमरा दिलाने का भी आरोप है। 10 फरवरी को माफिया मुख्तार अंसारी की बहू निखत जिला जेल में अपने विधायक पति अब्बास से गैरकानूनी रूप से मिलने पर पकड़ी गई थी। इस मामले में जेल के कई अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। फराज को 20 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था।
ये भी पढ़ें -प्रतापगढ़ में परीक्षा के दौरान प्राचार्य की कुर्सी जम गए सीओ, वर्दी का रौब झाड़ते CCTV में हुए कैद
