बरेली: रमनदीप के अवैध पेट्रोल पंप के लिए तत्कालीन बीडीए अफसर जिम्मेदार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। तहसीलदार सदर की जांच रिपोर्ट में बिल्डर रमनदीप के सीलिंग की जमीन पर पेट्रोल पंप बनाने के लिए बीडीए के तत्कालीन अधिकारियों को जिम्मेदार बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक पेट्रोल पंप के निर्माण की निगरानी की जिम्मेदारी बीडीए की थी लेकिन अधिकारियों ने गड़बड़ी को अनदेखा कर दिया। पेट्रोल पंप की एनओसी तत्कालीन डीएम मूलचंद्र यादव ने जारी की थी। सीलिंग समेत बाकी विभागों को इस मामले में क्लीन चिट दे दी गई है।

रमनदीप ने धौरेरा माफी ग्राम पंचायत में आने वाली महानगर टाउनशिप के मुख्य गेट के पास सीलिंग की 76 वर्ग मीटर जमीन पर मेसर्स लीफ फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप का निर्माण कराया था। इसकी स्वीकृति दूसरे भूखंड के लिए मिली थी। तहसीलदार सदर राम नरायन सिंह के नेतृत्व में चार सदस्यीय कमेटी की जांच के बाद तैयार हुई तीन पेज की रिपोर्ट में बीडीए को इस गड़बड़ी का जिम्मेदार बताया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पेट्रोल पंप का निर्माण मानचित्र के अनुसार हो रहा है या नहीं, यह देखने की जिम्मेदारी बीडीए की थी।

जांच रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व नायब तहसीलदार रिठौरा ने 20 अगस्त 2004 की रिपोर्ट के मुताबिक पेट्रोल पंप गाटा नंबर 511 पर प्रस्तावित था लेकिन उसके बजाय धौरेरा माफी के गाटा नंबर 520/691 के और बिहारमान नगला के गाटा 695 और 696 के आंशिक भाग पर बनाया गया। बिहारमान नगला के गाटा नंबर 695 और 696 के भाग में 76 वर्ग मीटर भूमि नगर सीलिंग की है। सपा सरकार में डीएम रहे मूलचंद्र यादव ने 25 सितंबर 2004 को पत्र में एसडीएम सदर, डीएसओ, बीडीए, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, एक्सईएन निर्माण खंड लोनिवि की जांच आख्या के आधार पर इस पेट्रोल पंप के लिए एनओसी जारी की थी।

अप्रैल में पेट्रोल पंप गिराने का आदेश दे चुका है बीडीए
एसएसपी की चिट्ठी मिलने के बाद एडीएम प्रशासन ने तहसील सदर के साथ बीडीए समेत दूसरे विभागों से भी जांच रिपोर्ट मांगी थी। बीडीए से भी जांच रिपोर्ट कलेक्ट्रेट में पहुंच चुकी है। बीडीए के विशेष कार्य अधिकारी गौतम सिंह के हस्ताक्षर से अप्रैल में जारी पत्र में रमनदीप के पेट्रोल पंप को ध्वस्त करने के आदेश दिए गए थे। बीडीए की इस रिपोर्ट को भी फाइल में शामिल किया गया है।

दो दिन में पेट्रोल पंप की एनओसी रद्द होने की संभावना
रमनदीप सिंह के मेसर्स लीफ फिलिंग स्टेशन नाम के पेट्रोल पंप की एनओसी दो दिन में निरस्त होने की बात अधिकारी कह रहे हैं। तहसील सदर की जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्ट्रेट में विस्तृत रिपोर्ट तैयार हो रही है जिसके शुक्रवार तक तैयार होने की संभावना है। शनिवार तक पंप की एनओसी निरस्त करने के आदेश जारी हो सकते हैं।

ये भी पढे़ं- बरेली: इलेक्ट्रिकल हेड को लगा करंट, उपचार के दौरान मौत

 

संबंधित समाचार