मुरादाबाद : हरथला में डिवाइडर से दोनों तरफ 11-11 मीटर तक लगा निशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

व्यापारियों के अनुरोध पर राजस्व विभाग की टीम ने की निशानदेही

मुरादाबाद, अमृत विचार। हरथला में अतिक्रमण हटाने की बजाय व्यापारियों के अनुरोध और मंडलायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम ने सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण चिह्नित कर निशान लगाया। राजस्व विभाग की टीम ने हरथला में डिवाइडर से 11-11 मीटर के दायरे में आने वाले भवन व दुकानों पर निशान लगाया। वहीं कई व्यापारियों ने लाल निशान लगने के बाद खुद अवैध निर्माण ध्वस्त कराना शुरू कर दिया।

हरथला में अतिक्रमण हटाना प्रशासन के लिए चुनौती बना है। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने कांठ रोड पर पीलीकोठी से लेकर कोठीवाल डेंटल कॉलेज तक अतिक्रमण चिह्नित कर इसे हटाने का निर्देश दिया था। उन्होंने अपर जिलाधिकारी नगर के नेतृत्व में टीम गठित कर अतिक्रमण हटवाकर शहर को व्यवस्थित करने के लिए कहा।

टीम के निरीक्षण के बाद लोक निर्माण विभाग और राजस्व टीम ने अतिक्रमण चिह्नित कर निशान लगाया था। व्यापारियों को अवसर दिया कि वह स्वयं से अतिक्रमण हटा लें नहीं तो जेसीबी मशीन से ध्वस्त कराया जाएगा। समय पूरा होने के आखिरी दिन व्यापारियों ने सीमांकन में भ्रम की शिकायत अधिकारियों से की। जिस पर दोबारा सीमांकन कर फुटपाथ पर दोनों तरफ 11-11 मीटर तक अतिक्रमण हटाने की सहमति बनी। जिसके क्रम में राजस्व लेखपाल सर्वेश कुमार ने व्यापारियों के सामने चिह्नाकंन किया। व्यापारियों के साथ बसपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश भी रहे।

कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने देंगे। फिर भी कई व्यापारी भारी मन से निशानदेही को मान रहे थे तो कई इसे सरकार की मनमानी बताकर अपनी रोजी रोटी को नुकसान पहुंचाने का कार्य बताकर व्यवस्था को कोस रहे थे। एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा ने बताया कि मंडलायुक्त की बैठक में तय 22 मीटर की सीमा तक अतिक्रमण मुक्त कराने के क्रम में आज फिर पैमाइश कर निशान लगाए हैं। डिवाइडर से सड़क की दोनों पटरियों पर 11-11 मीटर की नपाई की गई है। इसकी जद में आने वाला अवैध निर्माण हटाया जाएगा।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : उत्तराखंड से पाकबड़ा पहुंची प्रेमिका, शादी को जिद पर अड़ी, प्रेमी थाने लेकर पहुंचा   

संबंधित समाचार