रायबरेली : 33 केवीए लाइन पर जलकर गिरा पेड़, कई पोल टूटे - एक लाख की आबादी झेलेगी बिजली संकट 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खीरों/ रायबरेली, अमृत विचार। उन्नाव जिले के मौरावां से खीरों के लिए आने वाली 33 केवीए लाइन के किनारे खड़े एक खोखले हरे नीम के पेड़ के शुक्रवार की दोपहर को जलकर अचानक गिरने से लाइन के कई पोल टूटकर जमीदोज हो गए। कई पोल और अन्य उपकरणों के टूटने से खीरों क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। जिससे लगभग एक लाख आबादी के सामने बिजली का संकट खड़ा हो गया। मौरावां फायर ब्रिगेड के जवानों ने पहुंचकर जलते हुए पेड़ की आग को बुझाया । बिजली विभाग के कर्मचारियों ने लाइन को ठीक करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
     
बिजली विभाग के अनुसार उन्नाव जिले के कस्बा मौरावां से विद्युत उपकेंद्र खीरों और सेमरी को 33 केवीए लाइन के माध्यम से आपूर्ति दी जाती है। शुक्रवार को उन्नाव जिले के अकोहरी चौराहा के नजदीक गुरुबक्सगंज-मौरावां मार्ग के किनारे एक खोखले हरे नीम के पेड़ में अज्ञात कारणों से आग लग गई और वह पेड़ धू-धूकर जलता रहा। लेकिन राहगीरों ने इस घटना की सूचना किसी को देना उचित नहीं समझा। ग्रामीणों और राहगीरों की इस लापरवाही से वह खोखला हरा नीम का पेड़ जलकर शुक्रवार की दोपहर को खीरों मौरावा 33 केवीए लाइन पर गिर गया। जिससे इस लाइन के कई पोल टूटकर जमीदोज हो गए और उसमें लगे इंसुलेटर, क्रासआर्म्स आदि उपकरण भी टूट गए। जिससे विद्युत उपकेंद्र खीरों और सेमरी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। 

सूचना मिलने पर मौरावां फायर स्टेशन के फायर ब्रिगेड के जवानों ने पहुंचकर जलते हुए पेड़ की आग को बुझाया। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने टूटी हुई लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। लेकिन इस लाइन के टूट जाने से विद्युत उपकेंद्र खीरों और सेमरी की लगभग एक लाख की आबादी के सामने इस भीषण गर्मी के मौसम में बिजली का संकट खड़ा हो गया है। उपखंड अधिकारी कैलाश सिंह यादव ने बताया कि खीरों मौरावां 33 केवीए लाइन पर पेड़ गिर जाने से कई खंभे टूट गए हैं। इसलिए आपूर्ति बाधित हो गई है। गिरे हुए पेड़ को लाइन पर से हटा कर लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है ।लाइन ठीक हो जाने पर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

ये भी पढ़ें - CM योगी ने दी 414 करोड़ की सौगात, कहा - नाम की तरह सोने जैसा बन रहा है सोनभद्र

संबंधित समाचार