संगठन के सुझाव और सर्वे के हिसाब से टिकट दिए जाएंगे: कमलनाथ
बड़वानी। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि स्थानीय संगठन की राय और सर्वे रिपोर्ट के हिसाब से आगामी विधानसभा चुनावों के टिकट दिए जाएंगे। कमलनाथ ने आज बड़वानी जिले के पाटी में पत्रकारों से चर्चा में आगामी विधानसभा में उम्मीदवार चयन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि स्थानीय संगठन की राय और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर टिकट प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जो वर्तमान विधायक जीतने की स्थिति में नहीं रहेगा उसे सर्वे रिपोर्ट दिखाकर स्पष्ट मना कर दिया जाएगा। 2018 में पार्टी से बगावत कर निर्दलीय लड़े प्रत्याशियों को टिकट दिए जाने को लेकर कहा कि 'नवंबर में चुनाव हुए थे और वह उस समय कुछ महीने पूर्व ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने थे, इसलिए हो सकता है कि प्रत्याशी चयन में त्रुटि हुई हो। उन्होंने कहा 'आज कमलनाथ 2018 का मॉडल नहीं, बल्कि 2023 का मॉडल है'।
उन्होंने फिर दोहराया कि स्थानीय संगठन और सर्वे रिपोर्ट को चयन का आधार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, 'विधायक नहीं जीतता है बल्कि संगठन और कार्यकर्ता जीतते हैं'। ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव को लेकर उन्होंने कहा, 'ग्वालियर और मुरैना के महापौर कांग्रेस से जीते हैं और जनता किसी का वोट बैंक नहीं है व अब कहीं कोई परंपरागत वोट नहीं है। अब पिता, बेटा चाचा-चाची अलग अलग वोट देते हैं।
' कॉमन सिविल कोड के लिए केंद्र द्वारा कराई जा रही रायशुमारी को लेकर उन्होंने कहा कि अलग-अलग प्रदेशों की अलग-अलग केमिस्ट्री है, मध्यप्रदेश की तुलना तमिलनाडु या तमिलनाडु की तुलना अन्य प्रदेशों से नहीं की जा सकती। हमें अपने देश को समझना होगा। प्रियंका गांधी वाड्रा के मध्यप्रदेश दौरे के बाद सीटे बढ़ने के सवाल पर उन्होंने कहा, 'मैं शिवराज सिंह नहीं हूँ कि दावे करुं, मुझे मध्यप्रदेश के मतदाताओं पर भरोसा है।' पिछली बार वचन पत्र में अतिथि विद्वानों को लेकर घोषणा के संबंध में उन्होंने कहा, ' वचन पत्र पर बात करना फिलहाल अनुचित होगा, हमें अच्छी तरीके से मालूम है कि वचन पत्र में क्या करना है। मेरा प्रभावी कार्यकाल केवल साढ़े 11 महीने का था।
' अतिथि या संविदा शिक्षकों को लेकर शिवराज सिंह चौहान घोषणा करते रहते हैं, रोज एक झूठ बोलते हैं, वे केवल शिलान्यास मंत्री हैं।' कांग्रेस की सरकार आने पर पुनः सौदेबाजी की संभावना को लेकर पूछे गए प्रश्न पर कहा 'पिछली बार भी विधायकों ने उन्हें कहा था कि उन्हें पैसे दिए गए हैं, तो मैंने कहा था कि मौज करो, मैं सौदेबाजी से बनी सरकार बचाने में विश्वास नहीं करता।
' उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस भारी बहुमत से चुनाव जीतेगी इसलिए किसी भी प्रकार की सौदेबाजी से फर्क नहीं पड़ेगा। जयस को लेकर उन्होंने कहा कि जयस का डीएनए कांग्रेस का डीएनए है और वे सभी मेरे साथ चर्चा में है, उन्होंने कहा 'हर जिले में अलग अलग जयस हैं, कोई राष्ट्रीय जयस नहीं है और जयस के युवा अपने भविष्य के बारे में चिंतित है और इसीलिए उन्होंने ये सामाजिक संस्था बनाई है'।
इसके बाद उन्होंने पाटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास केवल पांच महीनों के लिए पुलिस पैसा और प्रशासन है, और मुझे जनता पर विश्वास है कि वह प्रलोभन में नहीं आते हुए मध्यप्रदेश के भविष्य के बारे में सोचेंगे। उन्होंने कहा कि यह किसी पार्टी या उम्मीदवार का नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को महंगाई बेरोजगारी और भ्रष्टाचार देकर चौपट राज कर दिया। सभा को पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन और भाजपा से कांग्रेस में आए पूर्व सांसद मकन सिंह सोलंकी ने भी संबोधित किया।
