बरेली: वन मंत्री ने लिखा पत्र- मेयर साहब बहुत बढ़ गया है आतंक...बंदरों और कुत्तों को पकड़वाइए
कहा- बरेली में गंभीर हो चुकी है समस्या, लोग कई बार कर चुके हैं फरियाद
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार ने मेयर उमेश गौतम को पत्र लिखकर सीबीगंज के बंडिया के साथ नगर निगम सीमा में हिंसक कुत्तों और बंदरों को तत्काल पकड़वाने को कहा है। उन्होंने कहा है कि बरेली के लोगों के लिए कुत्ते और बंदर गंभीर समस्या बन गए हैं। लोग उनसे लगातार इस आतंक से निजात दिलाने की फरियाद कर रहे हैं।
डॉ. अरुण कुमार ने मेयर को लिखे पत्र में कहा है कि बरेली में बंदरों और कुत्तों का आतंक चरम पर पहुंच गया है। बंदरों के हमले से कई बच्चे छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। पार्कों में खेल रहे बच्चों पर भी लावारिस कुत्ते हमला कर देते हैं। अलग-अलग मोहल्लों के लोग कई बार उनसे मिलकर बंदर और कुत्तों को पकड़वाने की मांग कर चुके हैं।
मेयर बोले- टीम को नहीं मिल रहे कुत्ते
बंडिया में कुत्तों को पकड़ने के लिए रोज टीम जा रही है लेकिन टीम के वहां रहने के दौरान कुत्ते सड़क पर नहीं मिल रहे। इसी कारण उन्हें पकड़ा नहीं जा पा रहा है। टीम को ज्यादा सक्रिय रहने और बंडिया में खास निगरानी रखने को कहा है। - उमेश गौतम, मेयर
यह भी पढ़ें- बरेली: 50 बीघा में बन रहीं तीन अवैध कालोनियों पर चला बुलडोजर, बीडीए ने किया ध्वस्त
