बरेली: आदिपुरुष में संतोषजनक रहा राघव का किरदार, VFX ने किरकिरा किया दर्शकों का मजा
बरेली, अमृत विचार। प्रभास और कृति सेनन की फिल्म ''आदिपुरुष'' शुक्रवार को जिले के कई सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म को लेकर दर्शकों की सकारात्मक और नकारात्मक प्रतिक्रियां सामने आने लगी हैं। दर्शकों ने राघव के किरदार में प्रभास का काम संतोषजनक बताया। जबकि रावण के किरदार में सैफ अली खान के काम ने दर्शकों को प्रभावित नहीं किया। रामायण की कहानी पर आधारित फिल्म के वीएफएक्स ने लोगों का मजा किरकिरा कर दिया। हालांकि, कुछ दर्शकों ने फिल्म की तारीफ भी की।
आदिपुरुष फिल्म फीनिक्स के पीवीआर, नटराज सिनेमा, हिंद टॉकिज समेत अन्य सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई। पहले दिन ढाई हजार से अधिक लोगों ने फिल्म देखी। पीवीआर के कर्मचारियों के अनुसार दोपहर के शो में कुछ सीट खाली रहीं, जबकि शाम के दोनों शो हाउसफुल हैं। नटराज सिनेमा में भी शाम के शो के लिए लोगों ने परिवार सहित एडवांस बुकिंग कराई।
युवाओं ने लगाए जय श्री राम के जयकारे
फिल्म देखने पहुंचे युवाओं ने अभिनेता प्रभास के राम किरदार की एंट्री पर जय श्री राम के जयकारे लगाए। हालांकि, पीवीआर में दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने टिप्पणी भी की। कर्मचारियों ने सुरक्षा हवाला देते हुए दर्शकों से टिप्पणी न करने का अनुरोध किया। हालांकि, युवाओं ने शो खत्म होने के बाद भी परिसर में जय श्री राम के नारे लगाए।
सिनेमाघरों में नहीं दिखी हनुमानजी के लिए सीट संरक्षित
फिल्म की रिलीज से पहले सिनेमाघरों की ओर से प्रत्येक शो में हनुमानजी के लिए सीट संरक्षित रखने की बात कही गई थी, मगर यहां सिनेमाघरों में ऐसा नहीं था। सिनेमाघर संचालकों ने बताया कि इस संबंध में कोई निर्देश नहीं मिला था।
आदिपुरुष में प्ले स्टेशन खेलों के मॉन्सटर्स को रख लिया है। बैकग्राउंड स्कोर और इधर-उधर के कुछ 3 डी शॉट्स को छोड़कर इसमें कुछ भी नहीं है। हालांकि राघव का किरदार पसंद करने वाला है---मुदित, सुभाष नगर।
राघव के किरदार में प्रभास का अभिनय ठीक रहा। डायरेक्टर ओम राउत ने प्रभास को अच्छी तरह से दिखाया ही नहीं है---अतुल कुमार, पवन विहार।
बुराई की अच्छाई पर जीत के लिहाज से फिल्म मनोरंजक रही। परिवार के साथ देखने आया हूं। टिकट की कोई समस्या न आए, इसके लिए पहले ही एडवांस बुकिंग कराई---गौरव शंखधार , आशुतोष सिटी।
फिल्म अच्छी है,संगीत भी काफी पसंद आया। हालांकि सैफ अली खान रावण के किरदार में बिल्कुल भी अच्छे नहीं लगे हैं---दीपक, मढ़ीनाथ।
फिल्म को लेकर दर्शकों का अच्छा रिस्पांस आ रहा है। फिल्म के शो हाउसफुल जा रहे हैं। परेशानी से बचने के लिए अधिकांश दर्शकों ने एडवांस बुकिंग कराई---जीशान, संचालक नटराज सिनेमाघर।
यह भी पढ़ें- बरेली: सुपर फूड अब कुपोषित बच्चों को बनाएगा सेहतमंद, काले गेहूं का दिया जाएगा आटा
