Chitrakoot News : गौने की बात पर गुस्साए पिता ने बेटी पर चला दी गोली, डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी
चित्रकूट में गौने की बात पर गुस्साए पिता ने बेटी पर चला दी गोली।
चित्रकूट में गौने की बात पर गुस्साए पिता ने बेटी पर गोली चला दी। गोली लगने से बेटी घायल हो गई।
चित्रकूट, अमृत विचार। बेटी का गौना जल्दी न करने की जिद पाले एक ग्रामीण को इतना गुस्सा आया कि उसने विवाहिता बेटी पर ही कट्टे से गोली चला दी। गोली उसकी कोहनी पर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गई। गोली मारने के बाद आरोपी भाग निकला। घायल का प्रयागराज में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में है।
घटना मऊ थानांतर्गत बरियारी कला गांव की है। बताया जाता है कि यहां के निवासी अभिमन्यु मिश्रा (38) पुत्र रामराज ने इसी साल 10 मई को अपनी बेटी मुस्कान की शादी शंकरगढ़ थाना अंतर्गत पूरे भट्टू गांव में बबलू मिश्रा पुत्र चंद्रशेखर मिश्रा से की थी। शनिवार को उसके ससुरालीजन मुस्कान को लेने आए थे।
बताया जाता है कि अभिमन्यु अभी अपनी बेटी का गौना नहीं करना चाहता था और जब ससुराली बाहर के कमरे में चायनाश्ता कर रहे थे, उसने मुस्कान पर कट्टे से फायर कर दिया। विवाहिता की मां ने बताया कि पति ने अपनी बेटी को गोली मारी और फरार हो गया। ससुराल पक्ष के लोग घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ ले गए, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रिफर कर दिया।
क्षेत्राधिकारी राजकमल ने बताया कि मुस्कान की हालत अब सामान्य बताई जा रही है। उसके ससुराल वाले उसे शंकरगढ़ ले गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रयागराज में भर्ती कराया गया है। आरोपी पिता फरार है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। एसओ राजेश द्विवेदी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामूली झगड़े के बाद पिता द्वारा पुत्री को गोली मारने का मामला सामने आया है। बाकी बातें तो तफ्तीश के बाद पता चलेंगी।
मां ने बुलाया था ससुरालीजनों को
बताया जाता है कि शादी के बाद मुस्कान एक बार ससुराल गई थी और कुछ दिनों बाद उसके बाद मायकेवाले उसे लिवा लाए थे। मुस्कान की मां ने लड़की का गौना करने के लिए ससुरालीजनों को शनिवार को बुलाया था। अभिमन्यु के एक पुत्र और दो पुत्री हैं। इनमें मुस्कान सबसे छोटी है।
पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
अभिमन्यु मुस्कान का गौना अभी नहीं करना चाहता था। पत्नी द्वारा बेटी के ससुरालियों को उसे बिना बताए बुला लेने की बात नागवार गुजरी। उसने पत्नी और बेटी से झगड़ा शुरू कर दिया। गांववालों के मुताबिक, इस दौरान मुस्कान ने कोई ऐसी बात कह दी, जिससे गुस्साकर अभिमन्यु आपा खो बैठा।
हतप्रभ रह गए ससुराल के लोग
गौना कराने के लिए ससुराल पक्ष से मुस्कान का देवर अनिल व तीन-चार अन्य लोग पहुंचे थे। उन्हें चायपानी कराया जा रहा था कि तभी अंदर से गोली चलने की आवाज आई। हतप्रभ लोग अंदर भागे तो देखा तो नवविवाहिता मुस्कान खून से लथपथ पड़ी थी। इस घटना को लेकर दिन भर तरह तरह की चर्चाएं होती रहीं।
तुनकमिजाज है आरोपी
उधर, गांववालों ने अपने नाम छिपाते हुए आरोपी के स्वभाव पर टिप्पणी की। बताया कि वह तुनकमिजाज है और जरा सी बात पर झगड़ने लगता है। ऐसे में उसका आयेदिन किसी न किसी से झगड़ा होता रहता था। बताया कि मां-पिता को मामूली बात पर झगड़ते देख बिटिया ने हंसकर कोई बात कह दी और यह तुनकमिजाज अभिमन्यु बर्दाश्त नहीं कर सका।
