रुद्रपुरः फर्जी दस्तावेजों से लाखों का चूना लगाने का आरोपी गिरफ्तार, छह माह से था फरार
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप इलाके से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लाखों का चूना लगाने के फरार आरोपी को एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छह माह से फरार चल रहा था और पुलिस का इनामी बदमाश भी था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
एसटीएफ सीओ सुमित पांडे और प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि 22 नवंबर 2022 को शिकायतकर्ता शैलेंद्र कुमार निवासी भदईपुरा का आरोप था कि उसके दस्तावेजों का कुटरचित एवं षड्यंत्र के तहत दुरुपयोग कर थाना ट्रांजिट कैंप के निहाल सुमन ने निजी बैंक से छह लाख रुपये का लोन स्वीकृत करवा लिया था। जिसकी उसे भनक तक नहीं थी। जब बैंक द्वारा ईएमआई किश्त जमा करवाने का नोटिस आया तो फर्जीवाड़े की जानकारी हुई।
बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के काफी प्रयास किए। मगर उसका कोई सुराग नहीं लगा तो छह माह से फरार आरोपी निहाल सुमन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। बुधवार को सूचना मिली कि फरार इनामी बदमाश को रुद्रपुर इलाके में देखा गया है।
जिसके बाद घेराबंदी कर एसटीएफ और आवास विकास चौकी प्रभारी नीमा बोहरा की संयुक्त टीम ने आरोपी निहाल सुमन निवासी तराई बिहार कॉलोनी फाजलपुर महरौला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
यह भी पढ़ें- रुद्रपुरः रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, तीन दिनों से था लापता, हादसे की है आशंका
