पीलीभीत: यह कैसा संपूर्ण समाधान..शिकायत आईं 43, निस्तारण एक का करा पाए
पीलीभीत, अमृत विचार। तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा। निस्तारण की गति इतनी धीमी है कि एक या दो शिकायतों का ही निस्तारण हो रहा। फरियादियों का कहना है कि पांच से छह बार शिकायत करने के बाद भी उन्हें चक्कर लगाने पड़ रहे हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। शनिवार को सदर तहसील में डीएम-एसपी की मौजूदगी में पहुंचे 43 फरियादियों में मात्र एक ही मौके पर न्याय मिल सका। शेष को हर बार की तरह इस बार भी जल्द समाधान का आश्वासन देकर वापस कर दिया गया।
वहीं संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम एसपी के पहुंचने के बाद भी पांच अफसरों के पहुंचने में देरी हो गई। उनके विभाग की शिकायत आने पर उन्हें आवाज लगाई गई। तो वह उपस्थित नहीं मिले। इस पर नाराज डीएम और एसपी ने सीओ सिटी अंशु जैन, इंस्पेक्टर जहानाबाद प्रवीण कुमार, न्यूरिया इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह, बरखेड़ा इंस्पेक्टर मनोज मिश्र और सुनगढ़ी इंस्पेक्टर जगत सिंह का स्पष्टीकरण तलब किया गया।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: ये कैसी कानून व्यवस्था...सुनगढ़ी थाना गेट पर ही असलाह लहराया, जानिए मामला
