बरेली: नगर निगम को सड़कों के लिए मिले 3.48 करोड़ कैंट विधानसभा क्षेत्र में होंगे खर्च
बरेली, अमृत विचार। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम यानी एन कैप के तहत नगर निगम को सड़कों के निर्माण के लिए करीब 3.48 करोड़ की धनराशि मिली है। यह सारी धनराशि कैंट विधायक के क्षेत्र की खराब सड़कों पर खर्च होगी। इनमें सबसे प्रमुख सड़क शाहदाना से मीरा की पैठ तक बनेगी, जिस पर करीब 1.77 करोड़ खर्च होंगे। मेयर उमेश गौतम के मुताबिक पुराना शहर की यह जर्जर सड़क लोगों की बरसों पुरानी समस्या है। चुनाव के दौरान लोगों ने उनसे सड़कों के निर्माण का आग्रह किया था।
एन कैप के तहत नगर निगम शहर में चुनिंदा सड़कों का निर्माण कराने जा रहा है। इनमें सबसे प्रमुख आजाद इंटर कॉलेज के पीछे के गेट और सैलानी होते हुए मीरा की पैठ, ताज पैलेस और भारत मेडिकल तक की सड़क है जो हॉटमिक्स से बनाई जाएगी। इसका एस्टीमेट एक करोड़ 76 लाख 98 हजार रुपये का है। शाहदाना से सैलानी होते हुए मीरा की पैठ जाने वाली यह काफी व्यस्त सड़क है। सैलानी का प्रमुख बाजार होने के कारण पुराना शहर के हजारों लोगों की इस पर आवाजाही रहती है। सड़कों पर भीषण गड्ढे होने के कारण लोग काफी समय से दिक्कतें झेल रहे हैं। बरसात के दिनों में नालियों का पानी सड़क पर आने के बाद लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। यह सड़क नगर निगम के वार्ड 80 और 78 को जोड़ती है लिहाजा दोनों वार्डों के लोगों को इससे राहत मिलेगी।
सड़क को चौड़ा करने के लिए हटाए जाएंगे अवैध कब्जे
हॉटमिक्स निर्माण के दौरान इस सड़क को चौड़ा भी किया जाएगा। सड़क चौड़ी होने से आवाजाही में लोगों की सहूलियत बढ़ेगी तो कुछ लोगों को दिक्कत भी होगी। सड़क चौड़ीकरण के लिए यहां से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। सड़क के फुटपाथ पर कई जगह अतिक्रमण है। कई लोगों ने दुकानें सड़क तक बढ़ा ली हैं। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ये अतिक्रमण हटाया जाएगा। लोगों की शिकायत है कि इस सड़क पर ड्रेनेज की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। नालियों का ढलान कहीं ऊंचा है तो कुछ जगह पानी ठहर जाता है। कहीं सड़क का लेवल ही नीचा है। इस कारण बरसात के दिनों में काफी समस्या झेलनी पड़ती है।
तीन और सड़कें वार्ड तीन, 25 और 27 में 1.71 करोड़ से बनेंगी
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत कैंट विधानसभा क्षेत्र के ही तीन और वार्डाें में सड़कों का निर्माण होगा। वार्ड 25 मढ़ीनाथ रोड पर पुलिस चौकी से शिव मंदिर और हनुमानगढ़ी होते हुए आश्रम तक सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा जिस पर करीब 73 लाख 24 हजार रुपये खर्च होंगे। वार्ड 27 में परसाखेड़ा रोड नंबर 4 पर ट्यूलिया अड्डे से मेडीटेशन सेंटर होते हुए प्लाईवुड फैक्ट्री तक इंटरलाकिंग साइड पटरी निर्माण और हॉटमिक्स सड़क सुधार पर 48 लाख 17 हजार और वार्ड तीन में सौ फुटा रोड पर बीयर बार से पीलीभीत बाईपास तक दोनों ओर इंटरलांकिंग टाइल्स से साइड पटरी निर्माण कराया जाएगा।
पुराना शहर में सैलानी बाजार का रास्ता काफी खराब है। चुनाव प्रचार के दौरान वहां की जनता ने सड़क बनवाने की मांग की थी जिसे पूरा करा रहा हूं। जनता ने मुझे दोबारा सेवा का अवसर दिया है। इसलिए शहर का कोई हिस्सा विकास से अछूता नहीं रहने दिया जाएगा। जल्द ही शहर की सड़कें बेहतर होती दिखेंगी। - उमेश गौतम, मेयर
ये भी पढे़ं- बरेली: चेकिंग के दौरान रोडवेज बस में बिना टिकट नौ यात्री पकड़े
