पीलीभीत: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
पीलीभीत/बिलसंडा, अमृत विचार। गांव ईशापुर निवासी दंपति बाइक से अपने आठ वर्षीय पौत्र की दवा लेने लखीमपुर के कस्बा पलिया जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। लखीमपुर पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिए। इधर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से घर में कोहराम मच गया। शव घर आने पर मातम छा गया।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव ईशापुर निवासी लखवीर सिंह ने बताया उसके पिता रंजीत सिंह और मां सुखवीर कौर शनिवार सुबह सात बजे अपने आठ वर्षीय पौत्र सुखजीत सिंह को दवा दिलाने के लिए पलिया (लखीमपुर) स्थित एक निजी अस्पताल में दवा लेने के लिए जा रहे थे।
बताते हैं कि पलिया से महज चार किलोमीटर पहले अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दंपति और उनके पौत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने चालक वाहन समेत भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचायतनामा भरकर तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए।
मृतक रंजीत सिंह की जेब में निकले आधार कार्ड से पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। जिसके बाद यहां से परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि दंपति के पौत्र को चर्म रोग की शिकायत होने पर कई माह से अमावस्या पर तिकुनिया के समीप स्थित कुड़ियाला बाबा गुरुद्वारे में जाते थे।
वहां गुरुद्वारा परिसर में स्थित सरोवर में पौत्र को स्नान कराते थे। जिससे उसका रोग काफी हद तक ठीक भी हो चुका था। रविवार को अमावस्या है। जबकि पलिया के एक अस्पताल में पौत्र को दवा दिलानी थी। इसीलिए वह शनिवार को ही वहां जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रंजीत सिंह, उनकी पत्नी सुखवीर कौर, पौत्र सुखजीत सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। सभी का रोकर बुरा हाल रहा।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: खेत पर जाने के चंद घंटे बाद ही फंदे लटका मिला किसान, मचा कोहराम
