Kanpur: ड्रोन से कटिया पकड़ने गई केस्को टीम, उपद्रवियों ने दौड़ाया, जान बचाकर भागे कर्मी, आपरेटर का मोबाइल तोड़ा
कानपुर में ड्रोन से कटिया पकड़ने गई केस्को टीम से उपद्रवियों ने दौड़ाया।
कानपुर में ड्रोन से कटिया पकड़ने गई टीम से उपद्रवियों ने दौड़ाया। केस्को विजिलेंस टीम से गाली गलौज और अभद्रता की। इसके साथ ही आपरेटर का मोबाइल भी तोड़ दिया।
कानपुर, अमृत विचार। कंधी मोहाल इलाके में शनिवार सुबह ड्रोन से बिजली चोरी पकड़ने गई केस्को बिजिलेंस की टीम को इलाकाई उपद्रवी लोगों ने दौड़ा लिया। इस बीच भीड़ में शामिल युवकों ने ड्रोन आपरेटर का मोबाइल छीनकर उसको तोड़ दिया। जिसका विरोध करने पर उपद्रवी लोगों ने विजिलेंस टीम से धक्का-मुक्की करते हुए गाली गलौज की। किसी तरह केस्को टीम वहां से निकल पाई। उप खंड अधिकारी ने दो लोगों को नामजद करते हुए 20 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
शहर में बिजली चोरी रोकने के लिए केस्को बिजिलेंस टीम ड्रोन का सहारा ले रही है, ताकि घरों की छतों से डाली जाने वाली कटिया को पकड़ा जा सकें। दो दिन पहले ही इसकी शुरूआत की गई है। शनिवार को केस्को विजिलेंस की टीम संजय सिंह की अगुवाई में कंधी मोहाल में तालिमुल इस्लाम स्कूल के पास पहुंची थी। यहां आपरेटर आलोक ने ड्रोन को उड़ाया तो पता चला कि वहां पर धड़ल्ले से बिजली चोरी की जा रही है।
ड्रोन में एक युवक कटिया डालते हुए कैद हो गया। बिजिलेंस टीम कार्रवाई करती कि इससे पहले इलाके में विजिलेंस टीम के पहुंचने की जानकारी फैल गई। इलाकाई लोग बाहर आ गए और विरोध करने लगे। विजिलेंस टीम ने विरोध किया तो वे लोग धक्का-मुक्की करने लगे। विजिलेंस टीम ने सरकारी कार्य करने का हवाला दिया, लेकिन वे लोग पीछे नहीं हटे।
इस बीच भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवी युवकों ने आपरेटर को हाथ मोड़कर मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। विजिलेंस इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उपद्रवी लोगों ने उनके साथ भी अभद्रता कर दी। किसी तरह टीम वहां से बचकर निकल पाई। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर छोटे वाला, पप्पू और रिजवान समेत 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
फुटेज से हो रही है आरोपियों की तलाश
जब उपद्रवी केस्को विजिलेंस टीम का विरोध कर रहे थे तो टीम में शामिल एक कर्मी वीडियो बनाने लगा था। उसके वीडियो में कई उपद्रवी की फुटेज कैद हो गई है। टीम ने यह वीडियो पुलिस को दे दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि वीडियो फुटेज से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ड्रोन को भी तोड़ने की कोशिश की
उपद्रवियों ने ड्रोन को तोड़ने की कोशिश की। इसके लिए छत से कुछ उपद्रवियों ने पत्थर से ड्रोन पर निशाना भी लगाया था, लेकिन निशान चूक जाने की वजह से वे सफल नहीं हुए। जिसे देख आपरेटर ने तुरंत ड्रोन को उतार लिया और वहां से हटा दिया। अगर ड्रोन को वहां से हटाया नहीं जाता तो उपद्रवी उसको भी तोड़ देते।
16 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी
केस्को विजिलेंस टीम ने विवाद के पहले ड्रोन की मदद से सात घरों में डाली गई कटिया को पकड़ा। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि शमा परवीन के घर 2 किलोवाट, जरीन बेगम के घर 1 किलोवाट, साहिबा फातिमा के घर 4 किलोवाट, मो. असलम के घर 2 किलोवाट, रजिया सुल्तान के घर 1 किलोवाट, मो. युसुफ के घर 4 किलोवाट और नूमान अहमद के घर से 2 किलोवाट की चोरी पकड़ी गई है। सभी के एफआईआर दर्ज की गई है।
