Banda News : किसान ने खुद को जिंदा जलाया, धुआं उठता देख पड़ोसियों ने मचाया शोर, जानें- पूरा मामला
बांदा में किसान ने खुद को जिंदा जलाया।
बांदा के अतर्रा थानाक्षेत्र के तेरा-ब गांव में किसान ने खुद को जिंदा जला लिया। पड़ोसियों ने धुआं उठता देख शोर मचाया।
बांदा, अमृत विचार। अतर्रा थाना क्षेत्र के तेरा-ब गांव में रहने वाले एक किसान ने खुद को जिंदा फूंक दिया। कमरे के अंदर रखी गहस्थी भी जलकर खाक हो गई। पड़ोसियों ने धुआं उठता देखा तो शोर मचाया। खबर पाकर मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तेरा-ब गांव निवासी रामशरण (6़5) पुत्र सुंदर रविवार की रात को कमरे के अंदर सोने चला गया था। कमरा अंदर से बंद था। सोमवार की सुबह अचानक कमरे से धुआं उठने लगा। यह देखकर परिवारीजनों ने शोर मचाया तो पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। लोगों ने दमकल को सूचना दी।
मौके पर पहुंची दमकल ने किसी तरह आग पर काबू पाया। अंदर जाकर देखा तो किसान की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। यह देखकर परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी अतर्रा अरविंद कुमार सिंह का कहना है कि परिवारीजनों ने बताया कि रामशरण की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। उनका कहना है कि शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई और किसान की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक के तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं।
