Mahoba News : सफाई कर्मचारियों ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर किया धरना प्रदर्शन, विकास भवन परिसर में जताया विरोध
महोबा में सफाई कर्मचारियों ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर किया धरना प्रदर्शन
महोबा में उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर पुराने विकास भवन परिसर में धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया।
महोबा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर पुराने विकास भवन परिसर में धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। धरने को सम्बोधित करते हुये जिलाध्यक्ष विनोद सिंह ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों का उत्पीडन कर रही है। छोटे छोटे मामलों में सफाई कर्मचारियों के खिलाफ सेवा समाप्ति और निलम्बन जैसी कार्यवाही तक कर दी जाती है। जिसे वर्दाश्त नही किया जायेगा।
धरने को सम्बोधित करते हुये जिलाध्यक्ष ने कहा कि पंचायतीराज विभाग में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की सालों से पदोन्नति नही की गई। वह आज भी सफाई कर्मचारी के ही पद पर कार्य कर रहे है। उन्होने कहा कि सफाई कर्मचारी सरकारी नौकर होने के बाद भी प्रधान के नियंत्रण में कार्य करते है। जिससे उन्हें प्रधान की तानाशाही और मनमानी का शिकार होना पडता है। उन्होने सफाई कर्मचारियों को प्रधान के नियन्त्रण से मुक्त किये जाने की मांग की है।
जिला महामंत्री परमलाल कुशवाहा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को 1800 ग्रेड पे के स्थान पर 1900 ग्रेडपे दिया जाना चाहिये। कहा कि सफाई कर्मचारी भी दूसरे कर्मचारियों की तरह नियमित 8 घण्टे से अधिक ड्यूटी करता है। लेकिन उसे आज भी वही पुराना ग्रेड दिया जा रहा है। उन्होने कहा कि पंचायती राज विभाग में कार्यरत सफाई कर्मचारियों का पदनाम पंचायत सेवक किया जाये।
उन्होने कहा कि माह जून 2023 से ग्राम पंचायत अधिकारी की चयन प्रक्रिया में 20 प्रतिशत सफाई कर्मचारियों की पदोन्नति सुरक्षित कर चयन प्रक्रिया पूर्ण की जाये। पंचायतीराज विभाग में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की विभागीय सेवा नियमावली बनाई जाये। इस मौके पर राजेन्द्र कुमार वर्मा सहित तमाम सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
