लोक निर्माण की परियोजनाओं को निर्धारित समय में करें पूरा : जितिन प्रसाद
मंत्री ने विभागीय समीक्षा बैठक कर दिए निर्देश
अमृत विचार,लखनऊ। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग मुख्यालय स्थित तथागत सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये। निर्माणाधीन परियोजनाओं को प्रत्येक दशा में निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया, सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर सम्बंधित की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की बात कहीं ।
समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से कार्ययोजना में प्रस्तावित 100 करोड़ रुपए से अधिक लागत की दीर्घ सेतुओं की समीक्षा की गयी है। मंत्री ने कार्ययोजना में प्रस्तावित 100 करोड़ रुपए से अधिक लागत के दीर्घ सेतुओं सम्बन्ध में अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रस्तावित की जाने वाली परियोजनाओं को तकनीकी दृष्टि से पूर्ण परीक्षण करा लिया जाये। परियोजना से अधिक से अधिक जनसंख्या लाभान्वित होना सुनिश्चत हो। 100 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देते हुए उनका नियमित अनुश्रवण कराया जाय और परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा हरहाल में किया जाय।
मंत्री ने जनपद आजमगढ़, गोरखपुर के बीच महुला गढ़वल बन्धा पर ग्राम हाजीपुर खड़ेलिया-गोला बाजार के घाघरा नदी (गोला घाट) पर सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग सुरक्षात्मक कार्य के निर्माण की समीक्षा की और इसके सम्बन्ध में निर्देश दिया कि यथावश्यक नदी की मॉडल स्टडी में प्राप्त परिणाम के अनुसार परियोजना का पुनरीक्षण कराटे हुए अवशेष कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाय।
जनपद शाहजहाँपुर की तहसील जलालाबाद में कोलाघाट के निकट रामगंगा नदी व बैगुल नदी सेतु की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त सेतु का लोड टेस्ट इत्यादि से सम्बन्धित आवश्यक कार्यवाही जल्द से जल्द पूरी की जाय। चूंकि यह सेतु राज्यमार्ग पर स्थित है जिसका निकट भविष्य में यातायात को दृष्टिगत रखते हुए दो लेन से 04 लेन में चौड़ीकरण कराये जाने की आवश्यकता होगी। अतः सेतु पर आवागमन अवरूद्ध होने से जनता को हो रही परेशानी एवं मार्ग चौड़ीकरण के दृष्टिगत सेतु के समानांतर नया सेतु प्रस्तावित किया जाये।
जनपद बलिया में निर्माणाधीन तीन दीर्घ सेतुओं ग्राम चांदपुर के सामने घाघरा नदी पर सेतु निर्माण, घाघरा नदी पर खरीद-दरौली मार्ग पर सेतु निर्माण, गंगा नदी पर नौरंगा के पास शिवपुर घाट पर सेतु निर्माण की भी समीक्षा की और निर्देश दिया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं के सम्बंध में निर्णय लेते हुए अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं।
बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, विशेष सचिव लोनीवि आशुतोष द्विवेदी, प्रभुनाथ, के पी सिंह, लाल धीरेंद्र राव, प्रमुख अभियन्ता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष लोक निर्माण विभाग अरविंद कुमार (जैन),प्रमुख अभियन्ता (ग्रामीण सड़क) वी के श्रीवास्तव,मुख्य अभियन्ता (सेतु) अशोक अग्रवाल, प्रबन्ध निदेशक राज्य सेतु निगम राकेश सिंह के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हुए।
ये भी पढ़ें - लखनऊ के इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे में आज भी मौजूद हैं दसवें गुरु के हस्तलिखित हुकुमनामा और निशान
