ब्रिटेन में चाकू हमलों को रोकने के लिए पुलिस को पूरा समर्थन: गृह मंत्री Suella Braverman

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लंदन। ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने देश में चाकूबाजी की घटनाओं और ऐसे हमलों पर नकेल कसने के लिए ‘स्टॉप एंड सर्च’ (रोकने और तलाशी लेने) के अधिकारों के इस्तेमाल में तेजी लाने के वास्ते सोमवार को पुलिस को अपना ‘‘पूरा समर्थन’’ दिया। यह कदम इंग्लैंड में चाकू हमले की तीन अलग-अलग घटनाओं के बाद उठाया गया है, जिनमें भारतीय मूल के तीन लोगों की जान चली गई थी। 

उत्तरी लंदन में पिछले मंगलवार को हैदराबाद की 27 वर्षीय छात्रा तेजस्विनी कोंथम की छुरा घोंपकर हत्या कर दी गई थी। उसी दिन नॉटिंघम में ब्रिटिश भारतीय किशोरी ग्रेस ओ'माल्ली कुमार पर चाकू से हमला किया गया था। शुक्रवार को केरल के 38 वर्षीय अरविंद शिवकुमार की दक्षिण लंदन में एक अपार्टमेंट के बाहर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। सभी तीन मामलों में संदिग्ध हिरासत में हैं जिन पर हत्या का आरोप लगाया गया है। ब्रेवरमैन ने एक बयान में कहा, "हथियार लेकर चलना हमारे समाज के लिए एक अभिशाप है। और ऐसा करने वाला कोई भी व्यक्ति अपनी और अपने आसपास के लोगों की जान जोखिम में डालता है। इस खतरनाक संस्कृति पर रोक लगनी चाहिए।’’

 उन्होंने कहा, "मेरी पहली प्राथमिकता जनता को सुरक्षित रखना है और जो लोग हथियार रखने पर जोर देते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि इसके परिणाम होंगे। हिंसा को रोकने और लोगों की जान बचाने के लिए, जहां भी आवश्यक हो, ‘स्टॉप एंड सर्च’ के उपयोग को तेज करने के लिए पुलिस को मेरा पूरा समर्थन है।’’ ब्रिटेन के गृह विभाग ने आंकड़े भी जारी किए जो बताते हैं कि पिछले साल इंग्लैंड और वेल्स में चाकू हमले के अपराध में 99 युवाओं की जान चली गई थी और उनमें से 31 लोग अश्वेत थे। 

ये भी पढ़ें:- ऑल-इलेक्ट्रिक घर जेब और ग्रह के लिए बेहतर, सरकारें करें मुश्किल आसान

संबंधित समाचार