बरेली: 300 बेड अस्पताल... एआरवी केंद्र पर मरीजों की लाइन, स्टाफ गायब
गुस्साए मरीजों ने किया हंगामा तो पहुंचा स्टाफ
बरेली, अमृत विचार। 300 बेड अस्पताल में आउटसोर्सिंग से लगे कर्मियों की सेवाएं समाप्त होने जा रही हैं। इसके चलते वे मनमानी कर रहे हैं। सोमवार को अस्पताल के एआरवी केंद्र पर वैक्सीन लगवाने के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे, मगर केंद्र पर स्टाफ नर्स के अलावा न प्रभारी मौजूद थे और न ही अन्य स्टाफ। मरीजों ने हंगामा किया तो 11 बजे स्टाफ उपस्थित हुआ। ओपीडी से अधिक लंबी लाइन केंद्र के बाहर लगी नजर आई। रिकॉर्ड 350 मरीजों को एआरवी वैक्सीन लगाई गई।
जनवरी से जून तक 14 हजार को लग चुकी है वैक्सीन
आंकड़ों के अनुसार 2022 में भी कुत्ते, बंदर के साथ ही बिल्ली के काटने के सर्वाधिक मामले सामने आए थे, जिसमें कुत्ते काटने के 21 हजार और बंदर और बिल्ली के काटने के करीब तीन हजार मामले थे। आठ रेबीज ग्रसित मरीजों की मौत हुई थी। इस वर्ष जनवरी से जून तक एआरवी वैक्सीन लगवाने वाले मरीजों की संख्या 14 हजार के करीब पहुंच चुकी है।
खूंखार कुत्ते कई बच्चों की ले चुके हैं जान
जिले में कुत्तों और बंदरों का आतंक है। सीबीगंज क्षेत्र में खूंखार कुत्ते कई बच्चों को मौत की नींद सुला चुके हैं। एआरवी केंद्र पर वैक्सीन लगवाने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
झुलसाती गर्मी में दिव्यांग परेशान
सीएमओ कार्यालय स्थित दिव्यांग जन कार्यालय में हर सोमवार को बड़ी संख्या में दिव्यांगों की भीड़ रहती है वर्तमान में गर्मी का प्रकोप चरम पर है लेकिन जहां कार्यालय स्थापित है इसके बाहर लोहे की टीन है जो कि झुलसाती गर्मी में आग की तरह तपती है इसके नीचे बैठ कर दिव्यांग पसीने से तरबतर होकर जमीन पर घिसटते नजर आ रहे हैं लेकिन अफसरों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
ये भी पढ़ें- बरेली: लू को लेकर अलर्ट, मरीजों के लिए बनाया 10 बेड का हीट वेब वार्ड
